एडम गिलक्रिस्ट का 2007 वर्ल्ड कप के दौरान फॉर्म खराब चल रहा था, लेकिन फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 104 गेंदों पर 149 रन ठोक दिए थे। इस पारी ने ऑस्ट्रेलिया की जीत की नींव रखी। उनके साथी ओपनर मैथ्यू हेडन के लिए वह वर्ल्ड कप शानदार रहा था। उन्होंने बताया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में संजू सैमसन की 97 रन की पारी ने उन्हें गिलक्रिस्ट की 2007 फाइनल वाली पारी की याद दिला दी।

हेडन ने ऑल ओवर द बार क्रिकेट यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘हमने संजू सैमसन को आईपीएल में 10 साल से देखा है। ओपनर या नंबर 3 के लिए उनमें निरंतरता की कमी रही है। वह में अलग-अलग क्रम पर खेलते रहे हैं, लेकिन ईडन गार्डन में एक जबरदस्त मैच में उन्होंने अपनी लय हासिल कर ली। जिस तरह से उन्होंने आसानी से स्ट्राइक किया, उसने मुझे गिली (गिलक्रिस्ट)की याद दिला दी।’

गिलक्रिस्ट जितने खतरनाक संजू

हेडन ने कहा, ‘गिली असल में वेस्टइंडीज (2007) में वर्ल्ड कप में नहीं खेले थे और अचानक श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में आए और एक बड़ा शतक जड़ा। वह (संजू) इतने ही खतरनाक हैं। जब संजू शीर्ष पर हों तो सबकुछ पाने के लिए है।’ संजू ने वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के लिए ‘करो या मरो’ मैच के अलावा सेमीफाइनल और फाइनल में भी बेहतरीन अर्धशतक जड़ा।

संजू सैमसन ने पांच पारियों में 321 रन ठोके

संजू सैमसन ने पांच मैच की पांच पारियों में 80.25 के औसत और 199.38 के स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। वह टूर्नामेंट में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान 6 पारियों में 383 रन बनाकर शीर्ष पर रहे। न्यूजीलैंड के ओपनर टिम सीफर्ट 8 पारियों में 326 रन बनाकर दूसरे नंबर पर रहे। भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन ने 9 पारियों में 317 रन बनाए।

यह भी पढ़ें: संजू नहीं ये भारतीय खिलाड़ी था प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का सबसे बड़ा दावेदार, डिविलियर्स ने बताया नाम