टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के नंबर 1 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अभी सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। किसी को यकीन नहीं हो रहा है कि दुनिया का नंबर एक बैटर इस वक्त बेहद बुरे फॉर्म से गुजर रहा है और टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना खाता खोलने के लिए भी तरस रहा है।

अभिषेक शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए अब तक 3 मैच खेले हैं और तीनों मुकाबलों में वो डक पर आउट हुए हैं। अब भारत का सामना साउथ अफ्रीका से है और इस मैच में भी क्या अभिषेक का वही हाल रहेगा या फिर वो रन बनाने में कामयाब हो जाएंगे। अभिषेक के लिए साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज मार्को यानसेन सबसे बड़ा खतरा बन सकते हैं।

अभिषेक को परेशान कर सकते हैं मार्को यानसेन

अभिषेक शर्मा की कमजोरी को लगभग हर टीम ने पकड़ लिया है और सभी इसका फायदा उठाने में कामयाब हो रहे हैं। साउथ अफ्रीका भी यही कोशिश करेगी कि वो अभिषेक के बल्ले को ना चलने दें क्योंकि उन्हें पता है कि वो टिक गए तो क्या कुछ हो सकता है। अब अभिषेक के लिए मार्को यानसेन आखिरी सबसे बड़ा खतरा क्यों बन सकते हैं जानते हैं।

अभिषेक बाएं हाथ के बैटर हैं और यानसेन बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। यानसेन गेंद को अंदर और बाहर दोनों तरफ से निकालने की ताकत रखते हैं और इसके दम पर वो अभिषेक को अपने इन स्विंग से परेशान कर सकते हैं। इसके अलावा यानसेन अपनी लंबाई की वजह से पिच से अतिरिक्त उछाल हासिल कर लेते हैं जिससे अभिषेक जैसे बैटर कट या पुल शॉट खेलने के चक्कर में गलती कर बैठते हैं और विकेट गंवा देते हैं।

अभिषेक की कमजोरी है ऑफ-स्पिन गेंदबाजी

अभिषेक शर्मा को ऑफ-स्पिनर के खिलाफ भी परेशानी होती है और ये जाहिर हो चुका है। पाकिस्तान और नामीबिया के खिलाफ उनकी ये कमजोरी पुख्ता रूप से सामने आई थी। यानी उनकी इस कमजोरी का फायदा साउथ अफ्रीकी कप्तान एडन मार्करम उठा सकते हैं जो ऑफ स्पिनर हैं और वो अभिषेक के सामने मोर्चा संभाल सकते हैं जिससे कि वो जल्दी आउट हो सकें। अभिषेक के खिलाफ साउथ अफ्रीका जॉर्ज लिंडे का भी इस्तेमाल कर सकता है।

ये खबरें भी पढ़ें

अभिषेक-इशान ओपनर, सुंदर आउट; साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग 11

सिकंदर रजा ने 39 साल 301 दिन की उम्र में किया बड़ा कमाल, तोड़ दिया रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड