भारतीय पुरूष क्रिकेट टीम को लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिये सीधे क्वालिफाई करना है तो वर्ष 2026 के आखिर में आईसीसी टी20 रैंकिंग में एशिया में शीर्ष पर रहना होगा, जबकि महिला टीम ने इंग्लैंड में चल रहे विश्व कप के बीच क्वालिफाई कर लिया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने सोमवार (29 जून) को क्वालिफिकेशन मानदंडों की घोषणा की।
क्रिकेट ओलंपिक में 100 साल बाद लौट रहा है और पुरुष तथा महिला वर्गों में छह छह टीमें भाग लेंगी। विभिन्न महाद्वीपों से 5 कोटा स्थान रैंकिंग से तय होंगे। आईसीसी ने कहा , ‘आईसीसी पुरुष टी20 टीम रैंकिंग में महाद्वीपों के आधार पर सबसे ऊंची रैंकिंग वाली राष्ट्रीय ओलंपिक समिति को ये 5 कोटा स्थान आवंटित किये जायेंगे।’
महिला वर्ग में 4 कोटा तय
कट आफ की तारीख 31 दिसंबर 2026 रखी गई है। महिला वर्ग में 4 कोटा स्थान टी20 विश्व कप के दौरान तय हुए। आस्ट्रेलिया (ओशियाना), दक्षिण अफ्रीका (अफ्रीका), इंग्लैंड (यूरोप) और भारत (एशिया) ने रैंकिंग के आधार पर ये कोटा हासिल किया।
वेस्टइंडीज को पात्रता नहीं
आईसीसी ने कहा ,’ओलंपिक में ग्रेट ब्रिटेन हिस्सा लेता है लिहाजा कोटा सिर्फ एक ब्रिटिश देश इंग्लैंड को दिया जायेगा।’ वेस्टइंडीज भी इंग्लैंड में चल रहे विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। विभिन्न कैरेबियाई देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले आईसीसी के सदस्य के तौर पर वेस्टइंडीज को आईओसी की राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के रूप में मान्यता नहीं मिली है। लिहाजा वह ओलंपिक खेलों में भाग लेने या एक ईकाई के रूप में कोटा हासिल करने की पात्रता नहीं रखता।
अमेरिका को पुरुष और महिला वर्ग में एक कोटा मिलेगा
वेस्टइंडीज में एंटीगा और बारबुडा, बारबाडोस, ब्रिटिश वर्जिन आईलैंड, डोमिनिका, ग्रेनाडा, गयाना, जमैका, सेंट किट्स और नेविस, सेंट लूसिया, सेंट विंसेंट और ग्रेनाडाइन्स, त्रिनिदाद और टोबैगो, यूएस वर्जिन आईलैंड की एनओसी शामिल है। मेजबान अमेरिका को पुरुष और महिला वर्ग में कोटा हासिल करने के लिए क्वालिफिकेशन अवधि के दौरान रैंकिंग में 15 या उससे बेहतर स्थान पर रहने के आईसीसी के मानदंडों को पूरा करना होगा।
आठ टीमें एक स्थान के लिये मुकाबला करेंगी
‘फाइनल ओलंपिक ग्लोबल क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट’ महिला और पुरुष वर्ग में अलग से आयोजित किया। रैंकिंग के आधार पर क्वालिफाई नहीं कर सकी, लेकिन पात्रता रखने वाली अगली आठ शीर्ष रैंकिंग वाली टीमें महिला और पुरुष वर्ग में एक स्थान के लिये मुकाबला करेंगी। यह टूर्नामेंट 2027 में होगा।
महाद्वीपीय प्रतिनिधित्च की कोई अधिकतम सीमा नहीं
अगर वेस्टइंडीज उन आठ टीमों में शामिल होती है जिन्होंने अभी तक क्वालिफाई नहीं किया है, तो आईसीसी एक ‘वेस्टइंडीज नेशंस रीजनल टूर्नामेंट’ आयोजित करेगा। इससे यह तय होगा कि फाइनल क्वालिफायर में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कौन सी एनओसी करेगी। फाइनल क्वालिफायर में महाद्वीपीय प्रतिनिधित्च की कोई अधिकतम सीमा नहीं होगी।
ओलंपिक में नहीं होगा भारत-पाकिस्तान मैच
लॉस एंजिल्स ओलंपिक में हिस्सा लेने वाली छह टीमों का चयन करने के लिए एक महाद्वीपीय योग्यता प्रणाली को मंजूरी दे सकती है। इसके तहत एक महाद्वीप से एक टीम क्वालिफाई कर सकती है। पूरी खबर पढ़ें।
