फुटबॉल के दिग्गज लियोनेल मेसी की पत्नी एंटोनेला रोकुजो अब सिर्फ स्टार फुटबॉलर की लाइफ पार्टनर के तौर पर नहीं, बल्कि अपनी अलग पहचान के कारण भी सुर्खियों में हैं। 4 करोड़ से ज्यादा इंस्टाग्राम फॉलोवर्स वाली एंटोनेला एक सफल उद्यमी और डिजिटल क्रिएटर हैं। वह बच्चों के कपड़ों के ब्रांड Enfans की सह-संस्थापक हैं और Alo, Tiffany, Lancôme व Anastasia Beverly Hills जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के साथ साझेदारी कर चुकी हैं।
तीन बेटों की मां एंटोनेला रोकुजो परिवार की जिम्मेदारियों के साथ अपने बिजनेस और सोशल मीडिया करियर को भी सफलतापूर्वक आगे बढ़ा रही हैं। आइए जानते हैं कि आखिर कौन हैं एंटोनेला रोकुजो और कैसे उन्होंने मेसी की पत्नी से आगे बढ़कर अपनी अलग पहचान बनाई।
बचपन में हुई थी लियोनल मेसी से मुलाकात
एंटोनेला रोकुजो और लियोनेल मेसी अर्जेंटीना के रोजारियो शहर में पले-बढ़े हैं। दोनों की पहली मुलाकात बचपन में एंटोनेला के चचेरे भाई लुकास स्कालिया के जरिये हुई थी। लुकास स्कालिया उस समय न्यूवेल्स ओल्ड बॉयज क्लब में लियोनल मेसी के साथ खेलते थे।
लियोनल मेसी 13 साल की उम्र में स्पेन के बार्सिलोना चले गए, लेकिन एंटोनेला रोकुजो और वह एक दूसरे के संपर्क में बने रहे। बाद में दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। हालांकि, यह ठीक-ठीक पता नहीं है कि दोनों ने कब डेट करना शुरू किया, लेकिन लियोनल मेसी ने 2009 में पुष्टि की थी कि उनकी एक गर्लफ्रेंड है।
अगले साल एंटोनेला रोकुजो बार्सिलोना रहने चली गईं। कई वर्षों तक रिश्ते में रहने के बाद जून 2017 में लियोनल मेसी और एंटोनेला रोकुजो ने रोजारियो में शादी कर ली।
पढ़ाई बीच में छोड़कर चुना अलग रास्ता
एंटोनेला रोकुजो ने नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ रोसारियो से ह्यूमैनिटीज और सोशल साइंसेज में डिग्री हासिल की है। वह डेंटिस्ट बनना चाहती थीं और इसके लिए ग्रेजुएट स्कूल भी गईं। एंटोनेला रोकुजो ने ग्राजिया मैगजीन को बताया था, ‘‘मुझे नहीं पता क्यों, क्योंकि मेरे परिवार में कोई भी डेंटिस्ट नहीं है, लेकिन मैंने हमेशा से इसका सपना देखा था।’’
एंटोनेला रोकुजो ने एक साल बाद डेंटिस्ट की पढ़ाई छोड़ दिया, क्योंकि उन्हें अहसास हुआ कि वह असल में डेंटिस्ट नहीं बनना चाहती थीं। इसके बाद उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी और दूसरे क्षेत्रों में अपना करियर बनाने का फैसला किया।
खुद का कारोबार, बड़े ब्रांड्स के साथ साझेदारी
एंटोनेला रोकुजो अब एक एंटरप्रेन्योर हैं। एंटोनेला रोकुजो ने अपनी कजिन के साथ मिलकर बच्चों के कपड़ों का ब्रांड Enfans शुरू किया। इसके अलावा वह दुनिया के कई प्रतिष्ठित ब्रांड्स की ब्रांड एंबेसडर भी हैं। इनमें Alo (एलो), Tiffany & Co. (टिफनी एंड कंपनी), Lancome (लैंकोम) और Anastasia Beverly Hills (एनास्तासिया बेवर्ली हिल्स) जैसे नाम शामिल हैं।
एंटोनेला रोकुजो की सोशल मीडिया पर लोकप्रियता भी लगातार बढ़ रही है। इंस्टाग्राम पर उनके चार करोड़ से ज्यादा फॉलोवर्स हैं। एंटोनेला रोकुजो ने इंस्टाग्राम पर खुद को ‘डिजिटल क्रिएटर’ बताया है।
‘‘खुद के लिए भी कुछ करना जरूरी’’
इस साल Elle मैगजीन को दिए साक्षात्कार में एंटोनेला रोकुजो ने कहा था कि हर महिला के लिए अपनी पहचान बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा था, ‘‘अपने लिए भी कुछ करना जरूरी है। यह आसान नहीं था और आज भी नहीं है, लेकिन मुझे अपने पति का पूरा समर्थन मिला। अगर उनका साथ नहीं होता तो शायद मैं यह सब नहीं कर पाती।’’
एंटोनेला रोकुजो ने यह भी स्वीकार किया कि वह स्वभाव से काफी शर्मीली हैं। एंटोनेला रोकुजो ने बताया, ‘‘मैं ज्यादा बोलती नहीं हूं। बहुत से लोगों ने मेरी आवाज भी नहीं सुनी होगी। इंटरव्यू देना भी मेरे लिए नया अनुभव है, लेकिन समय के साथ मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है।’’
तीन बेटों की मां हैं एंटोनेला रोकुजो
एंटोनेला रोकुजो और लियोनल मेसी के तीन बेटे ‘थियागो, मातेओ और सिरो’ हैं। तीनों फुटबॉल खेलते हैं और इंटर मियामी की यूथ अकादमी का हिस्सा हैं। हाल ही में थियागो की टीम ने 2026 एमआईसी फुटबॉल पुंटा काना अंडर-14 टूर्नामेंट का खिताब भी जीता था।
सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त लोकप्रियता
एंटोनेला रोकुजो अक्सर परिवार, फिटनेस, फैशन और लाइफस्टाइल से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करती हैं। यही वजह है कि वह दुनिया की सबसे लोकप्रिय सेलिब्रिटी पत्नियों में गिनी जाती हैं। हालांकि, वह कई बार कह चुकी हैं कि परिवार ही उनकी प्राथमिकता है।
परिवार की जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने बिजनेस और डिजिटल दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाई है, जिसके कारण आज वह सिर्फ ‘लियोनेल मेसी की पत्नी’ नहीं, बल्कि एक सफल उद्यमी और वैश्विक सोशल मीडिया हस्ती के रूप में भी जानी जाती हैं।
मेसी ने 19 साल पहले जिसे टब में नहलाया, अब फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में वही बना अर्जेंटीनी कप्तान की चुनौती
सोशल मीडिया पर वायरल लियोनल मेसी और लामिन यामाल की तस्वीर असली है। 2007 के चैरिटी फोटोशूट में लियोनल मेसी ने छह महीने के लामिन यामाल को टब में नहलाया था। अब 19 साल बाद दोनों फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में आमने-सामने हैं। (इस तस्वीर के पीछे की पूरी कहानी जानने के लिए क्लिक करें)
