फुटबॉल में महानता सिर्फ गोलों, असिस्ट या ट्रॉफियों से नहीं मापी जाती, बल्कि इस बात से भी तय होती है कि कोई खिलाड़ी अपने दौर पर कितना गहरा असर छोड़ता है। यही वजह है कि जब 27 साल की उम्र में लियोनल मेसी और किलियन एम्बाप्पे के करियर की तुलना की जाती है, तो यह केवल आंकड़ों का मुकाबला नहीं रह जाता, बल्कि दो पीढ़ियों के दो असाधारण खिलाड़ियों की महानता का आकलन बन जाता है।

एक ओर 27 की उम्र तक लियोनल मेसी ने 573 मैचों में 440 गोल और 185 असिस्ट के साथ ऐसा मानक स्थापित कर दिया था, जिसे आज भी फुटबॉल के सबसे ऊंचे बेंचमार्क में गिना जाता है। दूसरी ओर, किलियन एम्बाप्पे 518 मैचों में 362 गोल और 126 असिस्ट के साथ पहले ही विश्व कप विजेता बन चुके हैं और अपनी पीढ़ी के सबसे सफल गोलस्कोररों में से एक हैं।

सवाल यह है कि क्या किलियन एम्बाप्पे उस ऊंचाई तक पहुंच पाएंगे, जो आज लियोनल मेसी की विरासत है? लियोनल मेसी की कहानी इस तुलना को और भी खास बना देती है। साल 2016 में कोपा अमेरिका फाइनल में चिली से हार के बाद मेसी इतने टूट गए थे कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। उस समय उन्हें लगा था कि अर्जेंटीना के लिए कोई बड़ी ट्रॉफी जीतने का उनका सपना शायद कभी पूरा नहीं होगा।

हालांकि, लियोनल मेसी ने वापसी की, हार नहीं मानी और फिर ऐसा अध्याय लिखा जिसने उन्हें फुटबॉल इतिहास के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में शामिल कर दिया। साल 2021 में कोपा अमेरिका, 2022 में फाइनलिसिमा और फीफा विश्व कप, 2024 में एक और कोपा अमेरिका। यही वजह है कि लियोनल मेसी और किलियन एम्बाप्पे की तुलना केवल गोलों और रिकॉर्डों की नहीं, बल्कि संघर्ष, निरंतरता, उपलब्धियों और विरासत की भी है। यही इस मुकाबले को फुटबॉल की सबसे दिलचस्प बहसों में से एक बनाता है।

अगर 27 साल की उम्र तक के क्लब और अंतरराष्ट्रीय करियर को देखें तो लियोनल मेसी लगभग हर प्रमुख पैमाने पर किलियन एम्बाप्पे से आगे दिखाई देते हैं।

खिलाड़ीमैचगोलअसिस्ट
लियोनल मेसी573440185
किलियन एम्बाप्पे518362126

इन आंकड़ों से साफ है कि लियोनल मेसी न सिर्फ ज्यादा गोल कर रहे थे, बल्कि अपने साथियों के लिए मौके बनाने में भी कहीं अधिक प्रभावी थे। यही संतुलन उन्हें सिर्फ गोलस्कोरर नहीं, बल्कि संपूर्ण फुटबॉलर बनाता है।

हालांकि, यह भी सच है कि किलियन एम्बाप्पे का करियर अभी अपने चरम की ओर बढ़ रहा है। आधुनिक फुटबॉल की तेज रफ्तार, उनकी विस्फोटक गति और गोल करने की निरंतर क्षमता उन्हें अपने दौर का सबसे बड़ा मैच विनर बनाती है, इसलिए केवल मौजूदा आंकड़ों के आधार पर अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।

विश्व कप: जहां होती है महानता की परीक्षा

फुटबॉल में अगर किसी एक मंच पर महानता की सबसे बड़ी परीक्षा होती है तो वह फीफा विश्व कप है। फीफा विश्व कप में लियोनल मेसी को किलियन एम्बाप्पे सबसे कड़ी चुनौती देते नजर आते हैं। लियोनल मेसी ने अब तक पांच विश्व कप में 28 मैच में 18 गोल किए हैं। दूसरी ओर किलियन एम्बाप्पे ने विश्व कप के 16 मैचों में ही 16 गोल दाग चुके हैं। यानी गोल करने की रफ्तार के मामले में फ्रांसीसी स्टार अर्जेंटीनी दिग्गज से कहीं आगे हैं।

दिलचस्प यह है कि किलियन एम्बाप्पे लियोनल मेसी के विश्व कप गोलों की बराबरी से केवल दो गोल दूर हैं और उनके सामने अभी पूरा 2026 विश्व कप मौजूद है। यदि वह अपनी मौजूदा लय बरकरार रखते हैं तो विश्व कप के कई रिकॉर्ड उनके नाम हो सकते हैं।

कहानी का दूसरा पहलू भी उतना ही महत्वपूर्ण है। लियोनल मेसी ने सिर्फ गोल नहीं किए, बल्कि निर्णायक मौकों पर अपनी टीम को विश्व चैंपियन भी बनाया। साल 2022 विश्व कप में उन्होंने कप्तान के रूप में अर्जेंटीना को वह ट्रॉफी दिलाई, जिसका इंतजार देश 36 वर्षों से कर रहा था। यही उपलब्धि उनकी विरासत को अलग स्तर पर पहुंचा देती है।

39 की उम्र में भी इतिहास रच रहे लियोनल मेसी

जिस खिलाड़ी की तुलना 27 वर्षीय किलियन एम्बाप्पे से की जा रही है, वह 39 वर्ष की उम्र में भी रिकॉर्ड दर रिकॉर्ड बना रहा है। लगातार सात विश्व कप मैचों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड हो, मौजूदा विश्व कप में शुरुआती तीन मैचों में छह गोल दागना हो या फिर गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे रहना, लियोनल मेसी 39 साल की उम्र में भी साबित कर रहे हैं कि महान खिलाड़ियों की पहचान उनकी उम्र नहीं, उनका प्रदर्शन तय करता है। हर बार जब लगता है कि अब उनके नाम करने के लिए कोई रिकॉर्ड नहीं बचा, वह एक और इतिहास रच देते हैं।

महानता सिर्फ आंकड़ों से तय नहीं होती

लियोनल मेसी और किलियन एम्बाप्पे की तुलना करते समय एक बात नहीं भूलनी चाहिए। महानता का फैसला केवल गोल, असिस्ट या मैचों की संख्या से नहीं होता। यह ट्रॉफियों, बड़े मुकाबलों में प्रदर्शन, टीम पर प्रभाव, लंबे समय तक निरंतरता और खेल पर छोड़ी गई छाप से तय होता है।

27 साल की उम्र तक लियोनल मेसी का पलड़ा निश्चित रूप से भारी नजर आता है। उनके आंकड़े बेहतर हैं और खेल पर उनका प्रभाव भी असाधारण रहा, लेकिन किलियन एम्बाप्पे के पास समय है। वह पहले ही विश्व कप जीत चुके हैं, कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं और आने वाले वर्षों में उनके पास नई उपलब्धियां अपने नाम करने का अवसर भी है।

कहना गलत नहीं होगा कि लियोनल मेसी ने महानता का जो बेंचमार्क तय किया है, किलियन एम्बाप्पे उसका पीछा कर रहे हैं। आज की तारीख में यदि 27 साल की उम्र तक के करियर का मूल्यांकन किया जाए तो निश्चित तौर पर लियोनल मेसी आगे दिखाई देते हैं, लेकिन फुटबॉल की खूबसूरती यही है कि हर नई पीढ़ी अपने साथ एक नई कहानी लेकर आती है।

किलियन एम्बाप्पे की कहानी अभी अधूरी है। आने वाले वर्षों में वह लियोनल मेसी के और करीब पहुंच सकते हैं, कुछ रिकॉर्ड तोड़ भी सकते हैं। मगर फिलहाल इतना तय है कि एक ने महानता की परिभाषा लिखी है, जबकि दूसरा उसे नए सिरे से लिखने की कोशिश कर रहा है। यही मुकाबला आने वाले वर्षों में फुटबॉल की सबसे बड़ी बहस बना रहेगा।

फीफा विश्व कप: नीदरलैंड्स में मोरक्को मूल के लोगों ने देश के हारने के बावजूद सड़कों पर मनाया जश्न, कई गिरफ्तार

फीफा विश्व कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में मोरक्को ने पेनल्टी शूटआउट में नीदरलैंड्स को हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। इस जीत के बाद नीदरलैंड्स में रहने वाले मोरक्को मूल के लोगों ने जमकर जश्न मनाया। इस दौरान हिंसा भड़क गई। जश्न मानने वालों की पुलिस से झड़पें हुईं और कई गिरफ्तारियां हुईं। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)