टी20 वर्ल्ड कप 2026 की जीत का जश्न अभी खत्म भी नहीं हुआ है और इसी बीच भारतीय टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने प्रशंसकों को एक और खुशखबरी दे दी। टीम इंडिया के ‘चाइनामैन’ गेंदबाज अब जीवन की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। कुलदीप यादव इसी महीने बचपन की दोस्त वंशिका के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे।
आगामी 13 मार्च 2026 को हल्दी और मेहंदी की रस्मों के बाद 14 मार्च को उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में कुलदीप यादव और वंशिका दोनों सात फेरे लेंगे, जबकि 17 मार्च को लखनऊ में भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्रिकेट और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
लखनऊ में रिसेप्शन
कुलदीप यादव और वंशिका की शादी का रिसेप्शन कार्यक्रम लखनऊ के होटल सेंट्रम में रखा गया है। इसमें क्रिकेट जगत से जुड़े कई नामचीन खिलाड़ी, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई), उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) से जुड़े पदाधिकारी और उत्तर प्रदेश की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हो सकती हैं।
योगी आदित्यनाथ को भी न्योता
शादी की तैयारियों के बीच कुलदीप के पिता राम सिंह यादव ने हाल ही में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें शादी और रिसेप्शन का न्योता भी दिया है। परिवार की ओर से कई खास मेहमानों को भी निमंत्रण भेजे जा रहे हैं। कुलदीप यादव और वंशिका की शादी नवंबर 2025 में होनी थी, लेकिन भारतीय टीम के व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम और टी20 विश्व कप में चयन के कारण इसे आगे बढ़ा दिया गया था।
जून 2025 में हुई थी सगाई
कुलदीप यादव और वंशिका की सगाई पिछले साल (2025) चार जून को लखनऊ के एक होटल में हुई थी। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की मंगेतर और सांसद प्रिया सरोज भी उस कार्यक्रम में मौजूद रही थीं।
बात अगर कुलदीप यादव के वर्कफ्रंट की करें तो वह आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। ‘चाइनामैन’ गेंदबाज के तौर पर पहचान बनाने वाले कुलदीप तीनों फॉर्मेट में भारत के लिए कई अहम मुकाबलों में अपनी छाप छोड़ चुके हैं।
ऑस्ट्रेलिया में काम करती हैं वंशिका
वंशिका के पिता योगेंद्र सिंह एलआईसी में कार्यरत हैं। वंशिका ने 2017 में कानपुर के सेंट मैरी कॉलेज से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। आगे की पढ़ाई के लिए वह ऑस्ट्रेलिया चली गईं। अब वह ऑस्ट्रेलिया में काम करती हैं।
