KL Rahul performance in 2022: केएल राहुल (KL Rahul) का साल 2022 में प्रदर्शन काफी खराब रहा। बांग्लादेश (Bangladesh) के खिलाफ ढाका टेस्ट मैच की दूसरी पारी में वह 2 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह से साल का अंत काफी बुरे तरीके से हुआ। साल 2022 में राहुल ने टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों मिलाकर 30 मैच खेले हैं और 25.68 के औसत से 822 रन बनाए। उनके बल्ले से एक भी शतक नहीं निकला। उन्होंने 9 अर्धशतक लगाए। साल 2017 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि उन्होंने बगैर शतक के साथ खत्म कर दिया हो।
बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज कप्तान केएल राहुल (KL Rahul) के लिए बल्लेबाज के तौर पर भुला देने वाला रहा है। दूसरे टेस्ट की पहली पारी में वह 10 रन बनाकर आउट हुए थे। बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में राहुल ने भा 22 और 23 रन की पारी खेली थी। इस साल की शुरुआत में राहुल ने दक्षिण अफ्रीका (KL Rahul in South Africa) में दो टेस्ट मैचों में 50, 8, 12 और 10 रन बनाए थे।
साल 2022 में टेस्ट में केएल राहुल का प्रदर्शन (KL Rahul in Test in 2022)
केएल राहुल (KL Rahul) ने साल 2022 में 4 मैचों की 8 टेस्ट पारियों में 17.12 की औसत से 137 रन बनाए। उनका सर्वोच्च स्कोर 50 रन रहा। साल 2021 में उन्होंने 5 टेस्ट की 10 पारियों में 46.10 की औसत से 461 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 1 अर्धशतक जड़ा था। 129 उनका सर्वोच्च स्कोर था।
साल 2022 में वनडे और टी20 में केएल राहुल का प्रदर्शन (KL Rahul in ODIs and T20 in 2022)
केएल राहुल (KL Rahul) ने साल 2022 में 10 वनडे मैचों की 9 पारियों में 27.88 की औसत से 251 रन बनाए। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 73 रन रहा। इससे पहले साल 2017 और 2018 में भी वह वनडे क्रिकेट में शतक नहीं लगा पाए थे। टी20 क्रिकेट की बात करें तो केएल राहुल का प्रदर्शन थोड़ा अच्छा रहा। उन्होंने साल 2022 में 16 मैच की 16 पारियों में 28.93 की औसत और 126.53 के स्ट्राइक रेट से 434 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 6 अर्धशतक जड़े।