उमरान मलिक 2023 से इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी नहीं कर पाए हैं। भारत के लिए 10 वनडे और 8 टी20 इंटरनेशनल खेलने वाले जम्मू-कश्मीर के इस पेसर की एंट्री क्रिकेट की दुनिया में बेहतरीन थी लेकिन अब यह खिलाड़ी हीरो से जीरो बन चुका है। नवी मुंबई में खेले जा रहे डीवाई पाटिल टी20 कप में उमरान की भयंकर पिटाई हुई और दो ओवर में उन्होंने 59 रन लुटा दिए। एक ओवर में तो उनके 36 रन पड़े।

उमरान मलिक इस टूर्नामेंट में टाटा स्पोर्ट्स क्लब की टीम के लिए खेल रहे हैं। इस टीम की कमान संभाल रहे हैं शार्दुल ठाकुर। इस मैच में पहले खेलते हुए टाटा की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 192 रन बनाए। आर्यन पाटनी ने सर्वाधिक 58 रन बनाए। कप्तान शार्दुल 3 गेंद पर 11 रन बनाकर रनआउट हो गए। जवाब में मुंबई कस्टम्स की टीम ने 16 ओवर में ही सिर्फ एक विकेट गंवाकर 9 विकेट से मैच जीता।

उमरान की भयंकर पिटाई

उमरान मलिक ने इस मैच में दो ओवर फेंके लेकिन मुंबई के बल्लेबाजों ने उन पर बिल्कुल रहम नहीं किया। पहले ओवर में उमरान ने एक चौका और तीन छक्कों के साथ कुल 23 रन खर्च किए। उसके बाद फिर जब वह 13वां ओवर फेंकने आए तो उनके ऊपर 36 रन पड़े। इस ओवर में उमरान ने तीन चौके और तीन छक्के खाए। वहीं ओवर में तीन नो बॉल और एक वाइड बॉल भी उन्होंने फेंकी। उमरान मलिक का प्रदर्शन लगातार पिछले कुछ सालों में गिरता रहा है। वह दिसंबर 2025 के बाद अब क्रिकेट फील्ड पर उतरे।

मुंबई के रुग्वेद का तूफानी शतक

मुंबई कस्टम्स के लिए 24 वर्षीय बल्लेबाज रुग्वेद मोरे ने 46 गेंद पर नाबाद 101 रन की बेहतरीन पारी खेली। वहीं उनके साथी ओपनर सचिन यादव 46 गेंद पर 80 रन बनाकर आउट हुए और यह एकमात्र विकेट मुंबई की टीम का गिरा। रुग्वेद ने अपनी नाबाद पारी में 10 चौके और 7 छक्के लगाए। उन्होंने 16 ओवर में ही अपनी टीम को 9 विकेट से शानदार जीत दिलाई।

उमरान को आईपीएल में केकेआर ने 75 लाख रुपये में खरीदा है। आईपीएल से पहले उनका यह प्रदर्शन कोलकाता नाइटराइडर्स की चिंता बढ़ा सकता है। क्योंकि मथीसा पथिराना और हर्षित राणा दोनों इंजरी के कारण वर्ल्ड कप से बाहर हुए हैं और यह दोनों केकेआर का हिस्सा हैं। मुस्तफिजुर रहमान को विवाद के कारण रिलीज करना पड़ा था। ऐसे में तेज गेंदबाजी फ्रेंचाइजी के लिए चिंता का सबब बन सकती है।

यह भी पढ़ें- संजू-अक्षर की एंट्री, कौन होगा बाहर; भारत-जिम्बाब्वे सुपर 8 मैच की संभावित प्लेइंग 11
यह भी पढ़ें- रणजी फाइनल में बवाल: जम्मू-कश्मीर के कप्तान ने कर्नाटक के खिलाड़ी के मारा सिर