कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के नए मुख्य कोच अभिषेक नायर (Abhishek Nayar) ने आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले अपने पहले ही संबोधन में टीम का माहौल भावुक और सकारात्मक बना दिया। ईडन गार्डन में अभ्यास सत्र के दौरान अभिषेक नायर ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी का खास स्वागत किया।

अभिषेक नायर ने मुजरबानी के लिए कहा, ‘ब्लेसिंग, आप हमारे लिए छिपा हुआ वरदान हैं।’ पिछले सीजन के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद नई ऊर्जा के साथ उतरी केकेआर (KKR) के लिए यह साफ संदेश था कि टीम अब नई शुरुआत और बड़े लक्ष्य की ओर बढ़ रही है।

क्या होता है छिपा हुआ वरदान?

यहां ‘छिपा हुआ वरदान’ का यह भावार्थ है कि जब केकेआर से मुस्तफिजुर रहमान को हटाया गया तो ऐसा लगा था कि टीम को नुकसान होगा, लेकिन ब्लेसिंग मुजरबानी का आना उसके लिए फायदा बन सकता है, इसलिए अभिषेक नायर ने ‘छिपा हुआ वरदान’ शब्दों का इस्तेमाल किया।

अभिषेक नायर का मानना है कि पिछला सीजन निराशाजनक रहने के बाद टीम अब खुद को फिर से संभालने और आईपीएल का चौथा खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। केकेआर पिछले सीजन आईपीएल में आठवें स्थान पर रही थी। इसके बाद चंद्रकांत पंडित ने केकेआर से अलग होने का फैसला किया तो IPL 2026 से पहले अभिषेक नायर को हेड कोच बनाया गया।

‘ब्लेसिंग’ से बदलेगी KKR की तकदीर? नायर का भरोसा

42 साल के पूर्व भारतीय ऑलराउंडर ने अपनी शुरुआती मोटिवेशनल स्पीच में कहा, ‘ब्लेसिंग, तुम हमारे लिए एक छिपी हुई नेमत हो।’ गौतम गंभीर के नेतृत्व में अभिषेक नायर लंबे समय से KKR टीम का हिस्सा रहे हैं। अभिषेक नायर ने हाल ही में विमेंस प्रीमियर लीग की टीम यूपी वॉरियर्स (UP Warriorz) की कमान भी संभाली थी। यूपी वॉरियर्स डब्ल्यूपीएल 2026 में पांच टीमों में सबसे नीचे रही थी।

अभिषेक नायर ने कहा, ‘मुझे पता है कि हमने आपको अचानक ही टीम में शामिल किया, लेकिन आपको अपने साथ पाकर हमें बहुत खुशी है। आप केकेआर टीम में अब तक के सबसे लंबे कद वाले खिलाड़ी हैं। आपका स्वागत है, मुझे उम्मीद है कि आप हमारे साथ अच्छा समय बिताएंगे और टीम के साथियों के साथ तालमेल का आनंद लेंगे।’

ब्लेसिंग मुजरबानी ने T20 विश्व कप में लिए थे 13 विकेट

ब्लेसिंग मुजरबानी आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में 13 विकेट लेकर संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी थे। इसमें उनका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच जिताने वाला (4/17) प्रदर्शन भी शामिल था। जाहिर है आईपीएल 2026 में भी वह आकर्षण का केंद्र रहने वाले हैं।

जिम्बाब्वे के इस तेज गेंदबाज के नाम 200 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय विकेट हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL 2025 में लुंगी एनगिडी के रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर ब्लेसिंग मुजरबानी को चुना था, लेकिन उनका अब तक आईपीएल में डेब्यू नहीं हुआ है।

केकेआर ने शुरू में मुस्तफिजुर रहमान को 18 करोड़ रुपये में खरीदे गए मधीशा पथिराना के बैकअप विदेशी तेज गेंदबाज के तौर पर 9.2 करोड़ रुपये में साइन किया था, लेकिन इस साल की शुरुआत में भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़े तनाव के चलते BCCI के निर्देशों के बाद बाएं हाथ के इस बांग्लादेशी गेंदबाज को रिलीज कर दिया गया था।

ये खबरें भी पढ़ सकते हैं

‘संजू को अभी कप्तानी सौंपने की गलती नहीं करेगी CSK’, पूर्व भारतीय बैटर ने ऋतुराज गायकवाड़ को किया सपोर्ट
IPL 2026: हर्षित की जगह सीएसके के पूर्व खिलाड़ियों को चुनने पर विचार कर रही केकेआर, पथिराना की उपलब्धता पर संशय