कौन बनेगा करोड़पति के 18वें सत्र के पहले एपिसोड में दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने आमिर खान, प्रीति जिंटा और सनी देओल से भारत के उभरते क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी से जुड़ा सवाल पूछा। आमिर खान और सनी देओल को इसकी जानकारी नहीं थी।
पंजाब किंग्स की सह-मालकिन प्रीति जिंटा ने इसका जवाब तो दे दिया, लेकिन वह पूरी तरह से आश्वस्त नहीं थीं। प्रीति जिंटा का आश्वस्त नहीं होना थोड़ा हैरान करने वाला था, क्योंकि वह क्रिकेट मैच देखती हैं और आईपीएल के दौरान काफी सक्रिय रहती हैं।
अमिताभ बच्चन ने एक लाख रुपये के सवाल में पूछा कि इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में ऑरेंज कैप कौन जीता? इसके लिए स्क्रीन पर पर्पल कैप के सामने गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा की फोटो दिखाई गई और पूछा गया कि ऑरेंज कैप के सामने किस खिलाड़ी को फोटो आएगी। इनमें 4 विकल्प केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी थे।
मुझे लगता है वैभव सूर्यवंशी
आमिर खान ने स्क्रीन की ओर देखते हुए प्रीति जिंटा से कहा, ‘यार क्रिकेट का आपको पता होना चाहिए।’ इसके बाद सनी देओल ने कहा, ‘मुझे कुछ नहीं पता क्रिकेट के बारे में।’ इसके बाद अमिताभ बच्चन ने सवाल पढ़ा और विकल्प बताए। फिर प्रीति जिंटा से कहा, ‘प्रीति जी आप तो मालकिन हैं।’ इस पर पंजाब किंग्स की सह-मालकिन ने कहा, ‘सर पर हम जीते नहीं तो।’ उन्होंने अपनी बात जारी रखते कहा, ‘यशस्वी जायसवाल तो नहीं है।’ आमिर खान ने कहा, ‘केएल राहुल?’ फिर प्रीति जिंटा ने कहा, ‘नहीं, मुझे लगता है वैभव सूर्यवंशी।’
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने मचाई थी धूम
प्रीति जिंटा के इस जवाब के बाद वैभव सूर्यवंशी लॉक किया गया और यह सही उत्तर था। आईपीएल 2026 में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने धूम मचा दी थी। उन्होंने उन्होंने 16 पारियों में 48.50 के औसत और 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। उन्होंने 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए। इस प्रदर्शन के बदौलत वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में मौका मिला। वह भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए।
