कनाडा के 19 साल के युवराज सिंह सामरा ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में इतिहास रचा। युवराज सिंह ने T20 World Cup 2026 में ग्रुप डी में न्यूजीलैंड के खिलाफ शतकीय पारी खेली। कनाडा के ब्रैम्पटन में 29 सितंबर 2006 को जन्में टी20 विश्व कप के इतिहास में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बने।

टी20 विश्व कप में कनाडा के पहले सेंचुरियन

मार्च 2025 में डेब्यू करने वाले युवराज सिंह सामरा ने अपने 19वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में यह उपलब्धि हासिल की। युवराज सिंह सामरा टी20 विश्व कप में कनाडा के लिए शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी हैं। यही नहीं, युवराज टी20 विश्व कप में एसोसिएट टीमों के लिए सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर करने वाले बल्लेबाज भी बने। युवराज सिंह सामरा का यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहला शतक भी है।

युवराज सिंह सामरा 11 चौके और छह छक्के की मदद से 65 गेंद में 110 रन बनाकर आउट हुए। युवराज सिंह सामरा के 6 छक्के, टी20 विश्व कप की एक पारी में किसी एसोसिएट देश के बल्लेबाज द्वारा किसी फुल-मेंबर टीम के खिलाफ लगाए गए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा छक्के हैं।

छह छक्के लगाकर रचा इतिहास

युवराज सामरा से पहले स्कॉटलैंड के ब्रैंडन मैकमुलेन ने 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और इटली के बेन मैनेंटी ने 16 फरवरी 2026 को इंग्लैंड के खिलाफ मैच में 6-6 छक्के लगाए थे। युवराज सामरा का भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह से भी स्पेशल कनेक्शन है।

फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी युवराज की कहानी

युवराज सिंह सामरा की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। उनके पिता बलजीत सामरा युवराज सिंह के इतने बड़े प्रशंसक थे कि उन्होंने बेटे का नाम ही उन पर रख दिया। हालांकि, मजेदार बात यह है कि वही पिता कभी-कभी बेटे को घर पर सुलाकर चुपचाप क्रिकेट खेलने निकल जाते थे और बेटा पीछे-पीछे पहुंच जाता था।

T20 विश्व कप में एसोसिएट टीमों के लिए सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर

रनखिलाड़ीदेशकिसके खिलाफकब और कहां
110युवराज सामराकनाडान्यूजीलैंडचेन्नई, साल 2026
नाबाद 94एरोन जोंसअमेरिकाकनाडाग्रैंड प्रेयरी, साल 2024
86माइकल जोंसस्कॉटलैंडआयरलैडहोबार्ट, साल 2022
84जॉर्ज मुनसेस्कॉटलैंडइटलीकोलकाता, साल 2026
नाबाद 80एंड्रीज गौसअमेरिकासाउथ अफ्रीकानॉर्थ साउंड, साल 2024

युवराज सिंह सामरा लंबे कद के बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। युवराज को गेंद को पूरी ताकत से मारना पसंद है। ईएसपीएनक्रिकइंफो से बातचीत में युवराज सिंह सामरा ने कहा था, ‘जब गेंद बिल्कुल मिडिल में लगती है तो जो आवाज आती है, खासकर स्टेडियम में उसकी गूंज… वह अहसास कमाल का होता है। मैं वह आवाज पूरे दिन सुन सकता हूं।’

15 गेंद में लगा चुके हैं अर्धशतक

युवराज सिंह सामरा अब तक कनाडा के लिए आठ वनडे और 19 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। उनकी खास उपलब्धियों में बहामास के खिलाफ 15 गेंदों में लगाया गया अर्धशतक भी शामिल है, जो कनाडा का राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। युवराज की यह उपलब्धि अपने नामधारी युवराज सिंह की याद दिलाती है। भारतीय दिग्गज ने पहले टी20 विश्व कप में 12 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था।

युवराज सामरा ने बताया था, ‘मैं बहुत छोटा था, तब मां के साथ सोता था। पापा सुबह उठते तो मैं पूछता- कहां जा रहे हो? मैं भी चलूंगा! मैं भी चलूंगा! फिर वह मुझे ले जाते। जब तक उनकी टीम बल्लेबाजी करती तब तक मैं रुका रहता, लेकिन जब गेंदबाजी का नंबर आता तो मैं वहां से निकल जाता।’

युवराज सामरा की युवराज सिंह से दो बार मुलाकात हो चुकी है। पहली बार दोनों 2019 में मिले थे। तब युवराज सामरा टोरंटो नेशनल्स के लिए खेलते थे। इसके बाद साल 2025 में सुपर 60 टूर्नामेंट के दौरान युवराज सामरा और युवराज सिंह की मुलाकात हुई।

युवराज सिंह सामरा के मुताबिक, ‘पापा ने उन्हें मेरे नाम के बारे में बताया तो वह हंसने लगे और बोले- ओहे अच्छा है।’ पिता बलजीत चाहते हैं कि बेटा अपने आदर्श की तरह खेले, लेकिन युवराज सामरा का साफ कहते हैं, ‘मैं अपनी खुद की पहचान बनाना चाहता हूं।’

हालांकि, युवराज सामरा अपनी सीमाएं जानते हैं। युवराज का कहना है, ‘मैं एबी डिविलियर्स जैसा नहीं हूं कि हर तरफ शॉट लगा पाऊं, लेकिन मेरे पास मेरे अपने शॉट्स हैं। मैं स्ट्रेट शॉट लगाने में बहुत धाकड़ हूं।’ युवराज के पिता का सपना है कि बेटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस के लिए खेले। युवराज सामरा कहते हैं, ‘कौन आईपीएल नहीं खेलना चाहता? सीपीएल? मेजर लीग?’

युवराज सामरा ने 13 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में यूएई के खिलाफ मैच खेला। उस मैच में युवराज के कजिंस भी अरुण जेटली स्टेडियम में मौजूद थे। युवराज की लगभग दो साल बाद अपने कजिंस से मुलाकात हुई।