कर्नाटक की टीम 2014-15 में रणजी चैंपियन बनी थी। उसके 11 साल बाद अब कर्नाटक ने रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाई है। कप्तान देवदत्त पडिक्कल की कप्तानी में कर्नाटक ने एक दशक से ज्यादा का इंतजार खत्म किया। वहीं पहली बार फाइनल में पहुंची जम्मू कश्मीर से अब कर्नाटक की भिड़ंत खिताबी मुकाबले में होगी। फाइनल मैच 24 फरवरी से खेला जाएगा।

केएल राहुल ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 के सेमीफाइनल में बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने पहली पारी में 141 और दूसरी पारी में नाबाद 86 रन बनाए। उन्होंने पूरे मैच में कुल 227 रनों का योगदान दिया। उनके अलावा कप्तान देवदत्त पडिक्कल ने पहली पारी में 232 रन बनाए थे और दूसरी पारी में वह बल्लेबाजी करने नहीं उतरे।

उत्तराखंड का सपना टूटा

उत्तराखंड की टीम भी पहली बार रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंची थी। उसका पहली बार फाइनल खेलने का सपना टूट गया है। इस मैच में पहले खेलते हुए कर्नाटक की टीम ने 736 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में उत्तराखंड की टीम 233 रन पर सिमट गई।

दूसरी पारी में कर्नाटक ने 323 रन बनाए और उत्तराखंड के सामने 827 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में उत्तराखंड की टीम 6 विकेट पर 260 रन बना पाई और हार मान ली। अंत में मुकाबले को ड्रॉ घोषित किया गया।

जम्मू कश्मीर पहली बार पहुंची फाइनल में

जम्मू कश्मीर की टीम 67 साल में पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है। अब आकिब नबी दार की गेंदबाजी के सामने कर्नाटक की मजबूत बल्लेबाजी का टेस्ट होने वाला है। आकिब अभी तक इस संस्करण में 55 विकेट ले चुके हैं। बंगाल के खिलाफ उन्होंने 9 विकेट मैच में लिए थे। राहुल, पडिक्कल, करुण नायर और मयंक अग्रवाल का अब फाइनल में जम्मू कश्मीर की गेंदबाजी के सामने टेस्ट होगा।

यह भी पढ़ें- अभिषेक, तिलक, सूर्या ने बढ़ाईं भारत की मुश्किलें, सुपर 8 में ये 3 दिक्कतें कर सकती हैं परेशान
यह भी पढ़ें- हरमनप्रीत कौर बनीं सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटर, लिस्ट में मिताली राज चौथे नंबर पर