महान क्रिकेटर कपिल देव ने वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिलने पर प्रशंसकों और विशेषज्ञों को उन्हें लेकर संयम रखने की अपील करते हुए कहा कि इस युवा पर करियर की शुरुआत में अपेक्षाओं का अत्यधिक बोझ डालना अनुचित होगा। 15 साल के सूर्यवंशी महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर भारत की सीनियर पुरुष टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने।
वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए टीम में शामिल किया गया है और साथ ही इस साल के आखिर में जापान के आइची नागोया में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भी उन्हें टीम में जगह दी गई है। विश्व कप 1983 विजेता भारतीय टीम के कप्तान कपिल देव ने सूर्यवंशी को ‘विशेष प्रतिभा’ बताया, लेकिन इस बात पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ढलने के लिए समय और तालमेल बैठाने की जरूरत होगी।
एक विशेष प्रतिभा
कपिल ने सोमवार को ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘वह एक विशेष प्रतिभा है। उसे समय दें लेकिन उसने निश्चित रूप से अपनी काबिलियत दिखाई है। मुझे लगता है कि वह अद्भुत है, लेकिन फिर भी उसे (भारतीय टीम में) खुद को संभालना होगा, फिट रहना होगा और जब आप राष्ट्रीय टीम का हिस्सा होते हैं तो कई और चीजें भी होती हैं। वह कितना एकाग्र है इसका जवाब तो वही दे सकता है लेकिन मेरे लिए वह एक विशेष प्रतिभा है।’
बहुत अधिक उम्मीद करना गलत
कपिल का मानना है कि सूर्यवंशी क्लब और देश के लिए खेलने के बीच में अंतर को जल्द ही समझ जाएंगे। उन्होंने कहा, ‘किसी युवा खिलाड़ी का सम्मान करने में कोई बुराई नहीं है, लेकिन इस स्तर पर उससे बहुत अधिक उम्मीद करना गलत होगा। उसे अभी-अभी टीम में शामिल किया गया है। वह समझ जाएगा कि क्लब क्रिकेट देश के लिए खेलने से बिल्कुल अलग है। इसमें सोचने का तरीका अलग होता है इसलिए उसे समय दें और बहुत अधिक उम्मीद नहीं करें। बस उसे समय दें।’
मदनलाल क्या बोले
कपिल के पूर्व साथी खिलाड़ी और तेज गेंदबाज मदनलाल को कोई शक नहीं है कि सूर्यवंशी इंडियन प्रीमियर लीग जैसी सफलता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दोहराने में सफल रहेंगे। मदनलाल ने कहा, ‘यह उसके लिए बहुत बड़ा पल है क्योंकि 15 साल के इस खिलाड़ी ने अपनी काबिलियत के दम पर टीम में जगह बनाई है। उसे यह मौका उसके अच्छे प्रदर्शन की वजह से मिला है। मुझे लगता है कि वह निश्चित रूप से ऐसा कर पाएगा क्योंकि उसमे भरपूर प्रतिभा है। वह ऐसा क्यों नहीं कर पाएगा? वह अच्छी फॉर्म में भी है। वह पूरे टूर्नामेंट में खेला है और लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। वह सिर्फ 15 साल का है और पहले ही दिखा चुकस है कि वह क्या कर सकता है।’
भारत-इंग्लैंड T20 सीरीज के समय में बदलाव
भारत-इंग्लैंड के बीच पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच पहले भारतीय समयानुसार रात 11शुरू होने वाले थे, लेकिन प्रसारणकर्ताओं के साथ बातचीत के बाद इनका समय एक घंटा पहले कर दिया गया है। पूरी खबर पढ़ें।
