खेलनामा की किताबगाथा के पिछले अंक में हमने बताया था कि 1974-75 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान बेंगलुरु में चयनकर्ताओं की घटिया राजनीति के कारण मैदान पर शर्मनाक स्थिति पैदा हो गई थी। चयनकर्ताओं ने सुनील गावस्कर को उप-कप्तान बनाने के फैसले को टीम से छुपाया था। इसके कारण कप्तान मंसूर अली खान पटौदी के चोटिल होने पर मैदान पर विवाद हो गया था। इस कड़ी में भारत के विश्व चैंपियन कप्तान कपिल देव और दिग्गज युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह के बारे में रोचक किस्सा जानेंगे, जिसके बारे में पत्रकार प्रदीप मैगजीन ने अपनी किताब ‘नॉट जस्ट क्रिकेट’ में लिखा है।
ग्रेजुएशन के बाद प्रदीप मैगजीन के पिता का ट्रांसफर अमृतसर से चंडीगढ़ हो गया था। तब यूनिवर्सिटी क्रिकेट सर्किट में कपिल देव और योगराज सिंह की काफी चर्चा थी। योगराज सिंह शाही रहन-सहन वाले परिवार से आते थे, जो अपनी प्रतिभा को नेट्स से बाहर नहीं दिखा पाए। वहीं 1983 में भारत को विश्व कप दिलाने वाले कपिल देव का परिवार पाकिस्तान के मुल्तान से चंडीगढ़ आया था, जिसका लकड़ी का कारोबार था।
कपिल देव-योगराज सिंह का था खौफ
प्रदीप मैगजीन लिखते हैं, ‘यूनिवर्सिटी क्रिकेट सर्किट के दिनों में हमने दो ऐसे खिलाड़ियों कपिल देव और योगराज सिंह के बारे में सुना था जिनकी सब तारीफ तो करते थे, लेकिन उनके खिलाफ खेलने से डरते भी थे। दोनों ही लंबे कद-काठी के थे और बहुत तेज गति से गेंद फेंक सकते थे। इन दोनों में से योगराज का रहन-सहन काफी शाही था। वे एक जाट सिख थे, जिनका अपना पेट्रोल पंप था और चंडीगढ़ के पॉश सेक्टर 10 में एक बड़ा आलीशान घर था। उन्हें कपिल से बेहतर बल्लेबाज माना जाता था।’
योगराज की तुलना में कपिल का बैकग्राउंड काफी साधारण था
प्रदीप मैगजीन लिखते हैं, ‘कपिल का परिवार पाकिस्तान के मुल्तान से आया था और चंडीगढ़ में लकड़ी (टिंबर) का कारोबार करता था। इसलिए, योगराज की तुलना में कपिल का बैकग्राउंड काफी साधारण था। कपिल का घर सेक्टर 16 में था, जो योगराज के घर के मुकाबले काफी छोटा था। एक क्रिकेट मैच के दौरान कपिल के साथ मेरा पहला और इकलौता सामना बहुत भयावह रहा। एक उछलती शॉर्ट गेंद बचते समय मेरे दस्तानों (ग्लव्स) पर लगी, जिससे मेरी उंगली में चोट आ गई। इतना ही काफी नहीं था एक अच्छे ऑफ-स्पिनर होने के मेरे घमंड को बड़ा झटका लगा।’
कपिल ने तोड़ी प्रदीप मैगजीन की उंगली
प्रदीप मैगजीन लिखते हैं, ‘कपिल ने पिच से आगे बढ़कर मेरी एक गेंद पर इतनी जोर से शॉट मारा कि मेरी उंगली फिर से चोटिल हो गई। गेंद तेजी से बाउंड्री की ओर निकल गई और मेरी उंगली में फ्रैक्चर हो गया। क्रिकेट में आगे बढ़ने के मेरे सपनों को गहरा धक्का लगा क्योंकि मुझे एहसास हो गया कि मुझ जैसे ‘वीकेंड क्रिकेटर’ (शौकिया खिलाड़ी) का उन लोगों से कोई मुकाबला नहीं है, जो आगे चलकर इंटरनेशनल क्रिकेटर बन सकते थे।’
नेट्स से बाहर निकली योगराज की प्रतिभा
प्रदीप मैगजीन लिखते हैं, ‘मिजाज से थोड़े चंचल योगराज ने बाद में भारत के लिए एक टेस्ट मैच भी खेला। वह दोनों में से ज्यादा आकर्षक और दबंग व्यक्तित्व वाले थे। वे काफी मिलनसार और आक्रामक स्वभाव के थे, लेकिन नेट प्रैक्टिस में उनका प्रदर्शन मैदान पर उनके खेल से कहीं ज्यादा प्रभावशाली होता था। उस समय कई लोग मानते थे कि वे कपिल से ज्यादा प्रतिभाशाली हैं, लेकिन एक क्रिकेटर के तौर पर वे अपनी प्रतिभा से न्याय नहीं कर पाए। आज उन्हें मुख्य रूप से विस्फोटक बल्लेबाज युवराज सिंह के पिता के रूप में जाना जाता है, जो भारत के अब तक के सबसे बेहतरीन वनडे क्रिकेटरों में से एक रहे हैं।’ क्रिकेट और खेल जगत की रोमांचक कहानियों के लिए जनसत्ता के खेलनामा के साथ जुड़े रहें। अगले अंक में कपिल देव और सुनील गावस्कर के खराब संबंध से जुड़ी कहानी प्रस्तुत करेंगे।
वैभव-अभिषेक जैसे निडर युवा बदल रहे हैं क्रिकेट का व्याकरण
अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा बल्लेबाजों ने टी20 क्रिकेट का अंदाज कैसे बदला? जानिए टीम इंडिया की पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी, बढ़ते रन रेट और 250+ स्कोर के नए ट्रेंड की पूरी कहानी। पूरी खबर पढ़ें।
