भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और कपिल देव ने जेल में बंद पाकिस्तानी दिग्गज इमरान खान के साथ मानवीय व्यवहार की अपील की है। गावस्कर और कपिल समेत दुनिया के कुल 14 पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने इमरान खान के बिगड़ते स्वास्थ्य पर ‘गहरी चिंता’ व्यक्त की और पाकिस्तान सरकार को चिट्ठी लिखी है। सभी पूर्व क्रिकेटरों ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री के साथ मानवीय व्यवहार करने की अपील की है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक क्रिकेट जगत के दिग्गजों ने इमरान खान के बिगड़ते स्वास्थ्य पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पाकिस्तान सरकार से उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उचित चिकित्सा और सम्मानजनक परिस्थितियां प्रदान करने का आग्रह किया है।
ऐसी खबरें आई थीं कि 1992 के विश्व कप विजेता टीम के कप्तान इमरान खान ने रावलपिंडी की अडियाला जेल में उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण अपनी दाहिनी आंख की लगभग 85 प्रतिशत दृष्टि खो दी है।
इस चिट्ठी पर कपिल देव और सुनील गावस्कर के अलावा माइकल एथरटन, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रेयरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, डेविड गावर, किम ह्यूज, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, स्टीव वॉ और जॉन राइट ने भी हस्ताक्षर किए हैं। सभी 14 पूर्व कप्तानों ने पत्र का विषय रखा ”पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों की अपील” और इसे पाकिस्तान सरकार को भेजते हुए इमरान के साथ उचित व्यवहार करने की मांग की।
चिट्ठी में कहा गया है, ”हम अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट टीमों के पूर्व कप्तान, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विश्व क्रिकेट के दिग्गज इमरान खान के साथ कथित व्यवहार और कारावास की स्थितियों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पत्र लिख रहे हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर हालिया रिपोर्ट, विशेष रूप से हिरासत में रहने के दौरान उनकी दृष्टि में खतरनाक गिरावट और पिछले ढाई वर्षों में उनकी कैद की स्थितियों ने हमें गहरी चिंता में डाल दिया है।”
चिट्ठी में यह भी लिखा गया,”हम मानते हैं कि इमरान खान जैसे व्यक्ति के साथ एक पूर्व राष्ट्रीय नेता और एक वैश्विक खेल आइकन के तौर पर गरिमा और मानवीय सम्मान के साथ व्यवहार किया जाना चाहिए। हम पाकिस्तान सरकार से विनम्र निवेदन करते हैं कि वह यह सुनिश्चित करे कि इमरान खान को उनकी कथित स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के लिए उनकी पसंद के योग्य विशेषज्ञों से तत्काल, पर्याप्त और निरंतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए।”
चिट्ठी में अधिकारियों से ”शालीनता और न्याय” के सिद्धांतों को बनाए रखने अपील की गई है। इन पूर्व कप्तानों ने कहा, ”यह अपील खेल भावना और मानवता की भावना से प्रेरित होकर की जा रही है और इसका कानूनी कार्यवाही पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।” चिट्ठी में इमरान खान के क्रिकेट और राजनीतिज्ञ के रूप में योगदान का भी जिक्र किया गया है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को 2023 में भ्रष्टाचार के एक मामले में 14 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। पत्र में क्रिकेट जगत के पूर्व कप्तानों ने उनके लिए उचित चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने, पारदर्शी कानूनी प्रक्रियाओं और सम्मानजनक व्यवहार की मांग की है। इससे पहले कुछ दिन पूर्व इमरान के परिवार ने भी उनसे मिलने के लिए धरना दिया था काफी प्रदर्शन हुआ था और अंत में उनसे मिलने की अनुमति दी गई थी।
यह भी पढ़ें- IRE vs ZIM: आयरलैंड-जिम्बाब्वे मैच में बारिश, मुकाबला रद्द होने पर क्या ऑस्ट्रेलिया कर पाएगा सुपर 8 में एंट्री
यह भी पढ़ें- कौन हैं युवराज सामरा जिन्होंने टी20 विश्व कप 2026 में रचा इतिहास, युवराज सिंह से है कनेक्शन
यह भी पढ़ें- ACC Women’s Asia Cup Rising Stars: इंडिया ए ने 89 गेंद में ही नेपाल को हराया, सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया
