साक्षी राज । भारत के खिलाफ हाल ही में आयरलैंड के क्रिकेटर जय मूंद्रा ने डेब्यू किया था और अपनी छाप छोड़ी थी। उनका जन्म राजस्थान के टोंक जिले में हुआ था। अब उन्हीं की तर्ज पर ओमान में भी एक भारत के बेटे का जलवा देखने को मिला है। इस खिलाड़ी का नाम है विनायक शुक्ला जो अब ओमान की राष्ट्रीय टीम के नए कप्तान बनाए गए हैं। उतर प्रदेश के कानपुर से ताल्लुक रखने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज विनायक शुक्ला अब ओमान क्रिकेट टीम में बतौर कप्तान जतिंदर सिंह की जगह लेंगे।
सोमवार (6 जुलाई 2026) को ओमान क्रिकेट बोर्ड ने अपने सोशल मीडिया पर इस खबर की जानकारी दी। विनायक को कप्तान बनाने की घोषणा करते हुए क्रिकेट बोर्ड ने लिखा,”ओमान क्रिकेट गर्व से विनायक शुक्ला को ओमान मेन्स क्रिकेट टीम का कप्तान घोषित करता है। टीम की लगातार तरक्की और सफलता में अहम भूमिका निभाने के बाद विनायक अब राष्ट्रीय टीम का नेतृत्व करते हुए नए अध्याय की शुरुआत करेंगे।”
विनायक शुक्ला ने 14 दिसंबर 2024 को कतर के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। उसके बाद 10 फरवरी 2025 को नामीबिया के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने अपना वनडे डेब्यू भी किया। टीम की कप्तानी संभालने से पहले विनायक बतौर उपकप्तान टीम में अहम भूमिका निभा चुके हैं। इसके अलावा जतिंदर सिंह की गैरमौजूदगी में उन्होंने एशिया कप और टी20 विश्व कप में भी ओमान का प्रतिनिधित्व किया है।
कानपुर में जन्म, पिता भी बैंक के लिए खेले क्रिकेट
18 जून 1994 को कानपुर के श्यामनगर में जन्मे विनायक शुक्ला की बचपन से ही क्रिकेट में रुचि थी। वह महज आठ साल की उम्र से क्रिकेट खेलने की शुरुआत कर चुके थे। विनायक के क्रिकेट के प्रति इस जुनून को देखते हुए उनका साथ उनके पिता जितेंद्र शुक्ला ने दिया, जो बैंक मैनेजर के पद से रिटायर हो चुके हैं।
विनायक के पिता खुद भी बैंक की क्रिकेट टीम से खेल चुके हैं। विनायक ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत साल 2016 में की थी। शुरुआती सफर के बाद वह बंगाल गए और कलकत्ता कस्टम के लिए भी खेले। इसके बाद उन्होंने उतर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन में अंडर-14 और अंडर-16 के लिए ट्रायल दिया और घरेलू कैम्प में भी खेले।
कोच की सलाह के बाद शुरू हुआ सफर
लंबे समय तक घरेलू सर्किट में खेलने के बावजूद उन्हें भारतीय टीम के लिए खेलने का मौका नहीं मिल पाया। फिर विनायक शुक्ला की लगातार असफलताओं के बीच उनके कोच ने बेहतर विकल्पों की तलाश के लिए ओमान जाने को कहा। फिर कोच की बात मानते हुए विनायक साल 2021 में ओमान चले गए।
वहां अपने जीवन यापन और खर्चों को पूरा करने के लिए विनायक ने ‘नेशनल मेटल कैन्स’ नाम की कंपनी में नौकरी करना शुरू कर दिया। यहां उन्हें कंपनी की टीम ‘ओमान स्टैनियंस’ का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। इसके बाद साल 2023 में उनका चयन ओमान ए की टीम के लिए हुआ। फिर 2024 में उनका सफर ओमान की इंटरनेशनल टीम के लिए शुरू हुआ जो आज उनकी कप्तानी के नए अध्याय तक पहुंचा है।
कप्तान चुने जाने के बाद अपनी खुशी व्यक्त करते हुए विनायक ने कहा,”आज मैं बहुत खुश हूं। जब आप क्रिकेट खेलते हैं तो आपका सपना होता है टीम का प्रतिनिधित्व करने का और मेरे लिए आज वह सपना सच हुआ है। मेरे परिवार के लिए यह बड़ा पल है। बचपन से ही मैं धोनी के जैसा विकेटकीपर बनना चाहता था। वह मेरे रोल मॉडल हैं।”
उन्होंने आगे कहा,”यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। हमारे पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का ग्रुप है और हम सब अपनी टीम को गौरवान्वित महसूस कराने की पूरी कोशिश करेंगे। फिलहाल हमारी टीम एसीसी मेन्स प्रिमियर कप कैम्प में है।” विनायक अब तक 15 वनडे खेल चुके हैं जिसमें 26 के औसत से 312 रन उनके नाम दर्ज हैं। साथ ही उन्होंने 23 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेलते हुए 26.29 के औसत से 447 रन बनाए हैं।
अफगान क्रिकेटर का 38 की उम्र में निधन, वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान की पहली जीत के थे हीरो
अफगानिस्तान के लिए 44 वनडे और 36 टी20 इंटरनेशनल खेलने वाले दिग्गज खिलाड़ी का निधन हो गया है। इस खिलाड़ी ने अफगानिस्तान के लिए सालों तक योगदान दिया और वर्ल्ड कप मैच में पहली जीत के भी वह हीरो थे। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
