पाकिस्तान क्रिकेट टीम के प्रदर्शन का ग्राफ लगातार गिरता ही जा रहा है। पहले एशिया कप, फिर टी20 वर्ल्ड कप 2026 और अब बांग्लादेश दौरे पर वनडे सीरीज में हार। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर इस प्रदर्शन से बेहद नाराज हैं। इसी कड़ी में पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल ने पाकिस्तान टीम को बुरी तरह लताड़ा और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी पर भी चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन से आप कभी आईसीसी इवेंट जीत नहीं सकते, फिर क्या ट्रॉफी चुराकर लाएंगे।

आपको बता दें कि एशिया कप 2025 के बाद भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने को मना कर दिया था। ऑपरेशन सिंदूर के बाद जारी तनाव के चलते यह विवाद बढ़ गया था। इसके बाद नकवी ने ट्रॉफी अपने पास चुराकर रख ली। नकवी एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के चेयरमैन भी हैं। इसी पर कामरान अकमल ने चुटकी लेते हुए बयान दिया है।

क्या बोले कामरान अकमल?

कामरान अकमल ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और उसके अंदर बैठे अधिकारियों पर निशाना साधते हुए कहा,”यार पाकिस्तान टीम का सोच ले, लेवल देख ले क्या हो गया है हमारा। मुझे लग रहा है नीदरलैंड्स यह सोच रही होगी कि पाकिस्तान के साथ तीन मैच की टेस्ट सीरीज करवा दो, हम जीतें तो टेस्ट प्लेइंग नेशन बन जाएं। यह हाल कर दिया है आपने पाकिस्तान क्रिकेट का। कोई फिक्र ही नहीं है , आप हारे हैं भाई, मैच हारे हैं आप।”

“आईसीसी इवेंट में ट्रॉफी क्या चोरी करके लानी है…”

इसके बाद अकमल ने कप्तान शाहीन अफरीदी के टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने के फैसले पर लताड़ लगाई और कहा,”आप क्यों एक्सपेरिमेंट कर रहे हैं। आपने टॉस जीतकर उन्हें बल्लेबाजी का क्यों मौका दे दिया। अभी तो उन्होंने 290 बनाए जहां एक समय वह 350 बनाते दिख रहे थे, वो तो लिट्टन दास ने आके स्कोर धीमा किया। यह डिसाइडर है, आप जीतेंगे नहीं, टीमों को हराएंगे नहीं, तो आईसीसी इवेंट में ट्रॉफी क्या चोरी करके लानी है….खेल के लानी है, जीतकर लानी है।”

गौरतलब है कि पाकिस्तान की टीम बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे में 11 रन से हारी। इस हार के बाद पाकिस्तान ने सीरीज भी गंवा दी। सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया था। उस मैच में पाकिस्तान 114 पर सिमट गया था। फिर दूसरे मैच में पाकिस्तान को जीत मिली और तीसरे मैच में मेजबान टीम ने बाजी मारी और सीरीज अपने नाम कर ली।

यह भी पढ़ें- IPL 2026: कर्नाटक सरकार ने चिन्नास्वामी स्टेडियम पर सुनाया फैसला, RCB और SRH के मैच से पहले आई बड़ी खबर