जब जसप्रीत बुमराह जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाज से एक नहीं, बल्कि बार-बार नो-बॉल होने लगे, तो हैरानी होना लाजमी है। हालांकि, मुंबई के मैदान पर यह नजारा और भी चौंकाने वाला बन गया, जब लाइव कमेंट्री के दौरान महान बल्लेबाज और भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर खुद को रोक नहीं पाए और ऑन-एयर ही अपनी नाराजगी जाहिर कर दी।

नो-बॉल की हैट्रिक जैसे हालात और फ्री-हिट ड्रामा के बीच जसप्रीत बुमराह के इस ओवर और सुनील गावस्कर के तीखे रिएक्शन ने इस चर्चा का बड़ा मुद्दा बना दिया। सुनील गावस्कर अक्सर सार्वजनिक तौर पर उन गेंदबाजों के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर करते रहे हं, जो ‘फ्रंट-फुट नो-बॉल’ फेंकते हैं।

जसप्रीत बुमराह इस साल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शायद अपने करियर के सबसे बुरे दौर से गुजर रहे हैं। सोमवार 04 मई 2026 की रात आईपीएल के मैच में भी उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं आया। जसप्रीत बुमराह लखनऊ सुपर जांयट्स के खिलाफ विकेट लेने में नाकाम रहे और अपने चार ओवरों में 45 रन लुटा दिये।

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जसप्रीत बुमराह 14वां ओवर लेकर आये। जसप्रीत बुमराह के 14वें ओवर की तीसरी गेंद ‘बैक ऑफ लेंथ’ थी। यह गेंद नीचे रही और बल्लेबाज हिम्मत सिंह ने अपना बल्ला लगाया, जिससे गेंद का किनारा लगा और वह विकेटकीपर के हाथों में चली गई। हालांकि, इस सबका का कोई मतलब नहीं रहा, क्योंकि ‘फ्रंट-फुट नो-बॉल’ का सायरन बज गया। यह उस दिन उनकी दूसरी नो-बॉल थी।

जसप्रीत बुमराह ने इसके बाद ऑफ स्टम्प के बाहर एक यॉर्कर गेंद डाली जो बहुत ज्यादा वाइड थी और यह एक और एक्स्ट्रा रन बन गया। उन्होंने फ्री-हिट वाली गेंद दोबारा डाली। हिम्मत ने ऑफ साइड की तरफ शॉट खेला और सूर्यकुमार यादव ने कैच लपक लिया। इस बीच बल्लेबाजों ने एक रन ले लिया, लेकिन मुंबई इंडियंस के लिए मामला तब और बिगड़ गया जब ‘नो-बॉल’ का सायरन फिर बज उठा।

उस समय कमेंट्री कर रहे सुनील गावस्कर ने कहा, ‘‘मुझसे दोबारा मत कहना। मुझसे मत कहना। मुझसे यह मत कहना कि बुमराह ने फिर से नो-बॉल डाल दी है।’’ सुनील गावस्कर ने ऑन-एयर कहा, ‘‘यह मंजूर नहीं है। यह मंजूर नहीं है। आप एक प्रोफेशनल क्रिकेटर हैं, यह मंजूर नहीं है। वाइड्स, हां, मैं समझता हूं, लेकिन नो-बॉल, नहीं।’’

मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच लसित मलिंगा डगआउट में हल्की मुस्कान के साथ नजर आये। जब कैमरे श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज लसित मलिंगा की ओर घूमे तब सुनील गावस्कर ने कहा, ‘‘हां, गेंदबाजी कोच। यह एक बड़ी बात है।’’

वैभव-अभिषेक ओपनर, इशान किशन भी टीम का हिस्सा; IPL 2026 के 47 मैचों के बाद बेस्ट प्लेइंग 11

आईपीएल 2026 के 47 मुकाबले हो चुके हैं। तकरीबन 5 हफ्ते से ज्यादा का समय इस सीजन बीतने के बाद जनसत्ता.कॉम ने बेस्ट प्लेइंग 11 का एनालिसिस किया है। इस प्लेइंग 11 में वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा बतौर ओपनर शामिल हैं। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)