जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत के लिए मंगलवार 14 जुलाई 2026 का दिन मिला-जुला रहा। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को सीधे गेमों में हराकर महिला एकल के दूसरे दौर में जगह बनाई। मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला-तनीषा क्रास्टो की जोड़ी ने सीधे गेमों में जीत हासिल करके दूसरे राउंड में जगह बनाई।

वहीं, पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की विश्व नंबर चार जोड़ी सात्विक के कंधे की चोट के कारण पहला गेम हारने के बाद मुकाबले से हट गई। चोट की वजह से भारतीय जोड़ी अगले सप्ताह होने वाले चीन ओपन में भी हिस्सा नहीं लेगी और अब उसका पूरा ध्यान विश्व चैंपियनशिप से पहले फिटनेस हासिल करने पर रहेगा।

2019 की BWF चैंपियन ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को सिर्फ 36 मिनट में 21-14, 21-11 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। ध्रुव और तनीषा ने भी स्कॉटलैंड के अलेक्जेंडर डन और जूली मैकफर्सन को 21-16, 21-14 से हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया।

मिक्स्ड डबल्स में रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे चीन के टॉप सीडेड खिलाड़ी फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग से 11-21, 10-21 से हारकर बाहर हो गए। मेन्स डबल्स में हरिहरन अमसाकरुणन और एमआर अर्जुन ने वापसी करते हुए दूसरा गेम जीता, लेकिन अंततः चीनी ताइपे के ली जे-हुई और यांग पो-ह्सुआन से 13-21, 21-17, 7-21 से हार गए।

सात्विक के कंधे की पुरानी चोट के कारण पहला गेम खेलने के बाद सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को डेनमार्क के डेनियल लुंडगार्ड और मैड्स वेस्टरगार्ड के खिलाफ मैच से हटना पड़ा। भारतीय टीम के मुख्य युगल कोच टैन किम हर ने कहा कि भारतीय जोड़ी अगले सप्ताह होने वाले चीन ओपन में हिस्सा नहीं लेगी और अगस्त में भारत में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए अपनी फिटनेस हासिल करने के लिए चोट से उबरने की प्रक्रिया पर ध्यान देगी।

सात्विक को लगेगा चोट से उबरने में समय

टैम किम हर ने कहा, ”सात्विक को ठीक होने में अभी कुछ समय लगेगा। विश्व चैंपियनशिप से पहले हमें कम से कम 4 सप्ताह का समय मिलेगा, जिससे हम पुरानी लय हासिल कर सकते हैं।” इससे पहले विश्व रैंकिंग में नंबर 10 पर काबिज पीवी सिंधु ने अपने सहज खेल का प्रदर्शन करते हुए पहले दौर में विश्व रैंकिंग में नंबर 37 पर काबिज वोंग को हराया।

पीवी सिंधु ने शुरुआत से ही बनाया दबदबा

पीवी सिंधु ने शुरुआत से ही खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा और रैलियों की गति को नियंत्रित करते हुए 7-4 की बढ़त हासिल की। हालांकि, वोंग ने संघर्ष जारी रखने की कोशिश की, लेकिन उनकी गलतियों ने भारतीय खिलाड़ी को लगातार आगे बढ़ने का मौका दिया।

पीवी सिंधु ने इंटरवल तक 11-6 की बढ़त बना ली। भारतीय खिलाड़ी रैलियों में सहज दिख रही थीं और उन्होंने अपने स्ट्रोक्स को प्रभावी ढंग से लगाकर अपनी बढ़त को 14-9 तक पहुंचा दिया। उनके बैकहैंड नेट ड्रिबल, ड्रॉप शॉट और हाफ-स्मैश सटीक रहे। एक सीधे शॉट से पीवी सिंधु को सात गेम पॉइंट मिले और उन्होंने पहला गेम अपने नाम कर लिया।

पीवी सिंधु ने दूसरे गेम में भी शुरू से आक्रामक रवैया अपनाया और मलेशिया की खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया। भारतीय खिलाड़ी ने जल्द ही 8-2 की बढ़त हासिल की। पीवी सिंधु इंटरवल तक 11-3 से आगे थीं। इसके बाद भी उन्होंने बड़ा अंतर बनाए रखा और फिर 10 मैच पॉइंट हासिल किए। भारतीय खिलाड़ी ने दूसरे मैच पॉइंट पर मैच अपने नाम किया।

पहले दौर के बाद नतीजे

  • विमेंस सिंगल्स: पीवी सिंधु ने वोंग लिंग चिंग (मलेशिया) को 21-14, 21-11 से हराया।
  • मिक्स्ड डबल्स: ध्रुव कपिला/तनिषा क्रैस्टो ने अलेक्जेंडर डन/जूली मैकफर्सन (स्कॉटलैंड) को 21-16, 21-14 से हराया।
  • मिक्स्ड डबल्स: फेंग यान झे/हुआंग डोंग पिंग (चीन) ने रोहन कपूर/रुतविका शिवानी गद्दे को 21-11, 21-10 से हराया।
  • मेन्स डबल्स: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी/चिराग शेट्टी को डैनियल लुंडगार्ड/मैड्स वेस्टरगार्ड (डेनमार्क) के खिलाफ रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा।
  • मेन्स डबल्स: ली जे-ह्यूई/यांग पो-ह्सुआन (चीनी ताइपे) ने हरिहरन अम्सकारुनन/एमआर अर्जुन को 21-13, 17-21, 21-7 से हराया।

पीवी सिंधु को ऑस्ट्रेलिया ओपन के सेमीफाइनल में मिली हार, 17 महीने से खिताब का इंतजार जारी

पीवी सिंधु के बाहर होने के साथ ही बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 500 टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलिया बैडमिंटन ओपन में भारत का अभियान भी समाप्त हो गया। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)