दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने गुरुवार 16 जुलाई 2026 को जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। पीवी सिंधु ने प्री-क्वार्टर फाइनल में सीधे गेम में दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी चीन की हान यू को हराया। पीवी सिंधु की मौजूदा बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग (विमेंस सिंगल्स) में 10 है।
भारतीय शटलर ने दूसरे दौर के मुकाबले में बेहतर रैंकिंग वाली चीनी खिलाड़ी के खिलाफ 21-16, 21-14 से शानदार जीत दर्ज करने में सिर्फ 35 मिनट का समय लिया। जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में पीवी सिंधु को कोई वरीयता नहीं दी गई है। यह नतीजा इस सीजन में पीवी सिंधु के सबसे शानदार प्रदर्शनों में से एक रहा। पूर्व वर्ल्ड चैंपियन ने शुरुआती चुनौती निपटते हुए चीनी खिलाड़ी पर पूरी तरह से दबदबा बना लिया।
पीवी सिंधु ने धीरे-धीरे बनाया दबदबा
शुरुआत में कड़ा मुकाबला देखने को मिला, क्योंकि हान यू खेल की गति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन पीवी सिंधु धीरे-धीरे मैच में जम गईं। एक बार लय में आने के बाद भारतीय खिलाड़ी ने सटीक शॉट प्लेसमेंट और बेसलाइन से ज्यादा आक्रामकता के साथ रैलियों पर नियंत्रण करना शुरू कर दिया। पीवी सिंधु ने शटल को अच्छे से हिट किया और बढ़त बनाने के लिए रैलियों पर अपना दबदबा बनाया।
बेहतर निरंतरता की वजह से वह पहले गेम के अंतिम क्षणों में बढ़त बनाने में सफल रहीं और 21-16 से गेम अपने नाम किया। कोर्ट बदलने के बाद चीनी खिलाड़ी की वापसी की उम्मीदें जल्द ही खत्म हो गईं। पीवी सिंधु ने दूसरे गेम में जबरदस्त तेजी दिखाई और लगातार आठ पॉइंट जीतकर 8-0 की मजबूत बढ़त बना ली। हालांकि, हान यू ने थोड़ी देर के लिए वापसी करते हुए अंतर को कम किया, लेकिन पीवी सिंधु अविचलित रहीं।
अब जापानी शटलर से होगी पीवी सिंधु की भिड़ंत
पीवी सिंधु ने अपनी सटीकता और कोर्ट कवरेज बनाए रखी और अंततः 21-14 से जीतकर शानदार विजय हासिल की। इस जीत के साथ पीवी सिंधु ने हान के खिलाफ अपना हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 8-1 कर लिया। 31 वर्षीय पीवी सिंधु का अगला मुकाबला जापान की नोजोमी ओकुहारा से होगा।
नोजोमी ओकुहारा को साउथ कोरिया की टॉप सीड एन से-यंग के दूसरे दौर के मैच से हटने के बाद वॉकओवर मिला। टूर्नामेंट अन्य भारतीय शटलरों की बात करें तो मिक्स्ड डबल्स में तनीषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की जोड़ी प्री-क्वार्टर फाइनल में बाहर हो गई।
भारतीय जोड़ी ने राउंड ऑफ 32 मुकाबले में स्कॉटलैंड की जूली मैकफर्सन और एलेक्जेंडर डन को सिर्फ 38 मिनट में 21-16, 21-14 से हराया था। राउंड ऑफ 16 में तनीषा और ध्रुव का चीन की हुआंग डोंग पिंग और फेंग यान झी से मुकाबला हुआ।
टूर्नामेंट में पीवी सिंधु ही एकमात्र पदक की उम्मीद
भारतीय जोड़ी ने चीन की टॉप सीड जोड़ी को कड़ी टक्कर दी, लेकिन 47 मिनट तक चले मैच में उन्हें 20-22, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा। तनीषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला के बाहर होने के बाद टूर्नामेंट में अब पीवी सिंधु ही भारत के लिए पदक की उम्मीद बची हैं।
लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी और उन्नति हुड्डा के शुरुआती दौर में ही बाहर हो जाने के बाद पीवी सिंधु की शानदार जीत ने यह पक्का किया कि टूर्नामेंट के अहम दौर में भारत की चुनौती बनी रहे।
सिंधु की दमदार जीत, सात्विक-चिराग ने बीच में छोड़ा मैच, कोच ने चीन ओपन से भी हटने की पुष्टि की
जापान ओपन 2026 में भारत को मिला-जुला परिणाम मिला। पीवी सिंधु ने शानदार जीत के साथ दूसरे दौर में जगह बनाई, जबकि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी चोट के कारण मैच के बीच से हट गए। वे अब चीन ओपन में भी नहीं खेलेंगे। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
