संजू सैमसन जब न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में नहीं चले थे तब उनके साथ क्या हुआ था ये सबसे देखा। वो तो संयोग था कि अभिषेक की तबीयत खराब हो गई और उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने का मौका मिल गया। फिर अभिषेक आए तो संजू को बिठा दिया गया। उसके बाद रिंकू सिंह के साथ कुछ परेशानी हुई और फिर संजू को टीम में लाकर आजमाया गया और वो चल निकले यानी इससे क्या संदेश जाता है।

अभिषेक खुद बना रहे बाहर होने का रास्ता

जी हां, अगर आप खराब खेलते हैं तो टीम से बाहर करना फायदेमंद होता है। टीम से बाहर रहने पर खिलाड़ी अपनी कमजोरी पर काम करता है, अपनी तकनीक में सुधार की कोशिश करता है साथ ही रन बनाने की कोशिश भी करता है, लेकिन अभिषेक के साथ कुछ अलग है। उन्हें लगता है कि वो अगर खराब भी खेलते रहे तो शायद उन्हें टीम से बाहर नहीं किया जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं है। टी20 वर्ल्ड कप में लगातार खराब प्रदर्शन कर रहे अभिषेक शर्मा टी20 टीम से बाहर होने का रास्ता खुद ही तैयार कर रहे हैं।

अभिषेक का टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन

अभिषेक इस टूर्नामेंट में अब तक खेले मैचों में 3 बार डक पर आउट हुए। इसके बाद एक अर्धशतक जिम्बाब्वे जैसी कमजोर टीम के खिलाफ आया, लेकिन फिर वो वेस्टइंडीज और इंग्लैंड जैसे अहम मैचों में अपना विकेट गंवा बैठे। इंग्लैंड के खिलाफ वो संजू के रोकने पर भी नहीं रुके और जबरदस्ती बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में आउट हुए। अभिषेक जल्दी-जल्दी रन बनाना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए क्रीज पर रुकना सबसे जरूरी है।

यशस्वी जायसवाल की हो सकती है एंट्री

अभिषेक का अंदाज आक्रामक है, लेकिन इसके चक्कर में टीम पर दवाब डालना भी तो सही नहीं है। ऐसा नहीं है कि उन्हें नहीं समझाया जा रहा होगा कि आप कुछ गेंदों का इंतजार कर सकते हैं, लेकिन अभिषेक हैं कि मानते ही नहीं हैं। अब अभिषेक के पास एक बड़ा मौका है और वो है न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मैच, लेकिन अगर वो यहां फेल होते हैं तो संभव है कि उन्हें टी20 टीम से बाहर कर दिया जाए और टीम में यशस्वी जायसवाल की एंट्री हो जो मौके का इंतजार लगातार कर रहे हैं।

स्लॉगर के ठप्पे से अभिषेक को निकलना होगा

अभिषेक के बारे में पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने कहा था कि वो स्लॉगर हैं। हालांकि ये बात किसी को पची नहीं, लेकिन अपने प्रदर्शन से वो इस बात को साबित करते जा रहे हैं। ऑफ स्पिन के खिलाफ वो फंस रहे हैं, तेज गेंदबाज उन्हें अपने स्पीड में बदलाव कर फंसा लेता है, वो एक ही जगह खड़े होकर गेंद को अपने पाले में आने का इंतजार करते हैं। यानी उनकी कई कमियां इस टी20 वर्ल्ड कप के दौरान सामने आईं हैं और अगर उन्होंने अपनी कमियों पर पार नहीं पाया तो उनके लिए आगे की राह मुश्किल हो सकती है।

ये खबरें भी पढ़ें

फाइनल के लिए कैसी होनी चाहिए भारत की प्लेइंग 11, वीरेंद्र सहवाग ने बताया; वरुण को किया सपोर्ट

युवराज 110 रन की पारी खेल रहे नंबर 1, फाइनल से पहले T20 वर्ल्ड कप 2026 में लगे 7 शतक; लिस्ट में कोई भारतीय नहीं