शुभादित्य बोस। बारामूला में कभी क्रिकेट की प्रैक्टिस के दौरान ग्रेनेड फेंके जाते थे और खिलाड़ियों को जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ता था। इसी माहौल में क्रिकेट का ककहरा सीखने वाले आकिब नबी दार को पहली बार टर्फ विकेट पर गेंदबाजी करते हुए यह तक नहीं पता था कि जूतों में स्पाइक्स क्यों लगाए जाते हैं।
एक समय ऐसा भी था जब वह पिता से छिपकर क्रिकेट खेलने जाते थे। कच्चे हुनर को ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा ने तराशा और उनकी गेंदबाजी को नई दिशा दी। अब बारामूला का यही युवा तेज गेंदबाज न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह बनाकर अपने सफर का नया अध्याय लिखने को तैयार है।
बारामूला स्टेशन से सात किलोमीटर दूर 46 राष्ट्रीय राइफल्स के कैंप के बगल में जनरल बिपिन रावत स्टेडियम है। यह ‘बीसीसी रेड्स’ का घर है। आकिब नबी का यही पहला क्लब था। उनके पहले कप्तान जुबैर दार कहते हैं, ‘‘यह जगह हमेशा इतनी चहल-पहल वाली नहीं थी।’’
जुबैर दार ने बताया, ‘‘यह मैदान 1980 के दशक में बना था, लेकिन 1988 में कश्मीर में उग्रवाद फैल गया। ऐसे में क्रिकेट खेलने का तो सवाल ही नहीं उठता था। मैदान को बंद कर दिया गया था, जो 2016 में जाकर फिर से खुला।’’
जुबैर दार के बागल में मुजफ्फर मट्टू बैठे हैं। मुजफ्फर मट्टू आकिब नबी के पहले कोच थे। उनकी यादें भी कुछ ऐसी ही हैं। मुजफ्फर मट्टू ने बताया, ‘‘मेरे समय में अक्सर आस-पास गोलीबारी शुरू हो जाती थी।’’
मुजफ्फर मट्टू ने बताया, ‘‘मुझे वे दिन याद हैं जब हम प्रैक्टिस कर रहे होते थे और अचानक कोई ग्रेनेड फेंक देता था। चारों तरफ अफरा-तफरी मच जाती थी और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपने की जगह ढूंढने लगते थे। हम कई बार ऐसी स्थितियों में फंस चुके थे।’’

ऐसे माहौल से निकलकर एक भारतीय खिलाड़ी सामने आया है। कैसे? इसकी कहानी 2012 में शुरू होती है। जुबैर दार ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ‘‘मेरी टीम BCC रेड्स, आकिब नबी के गांव के खिलाफ एक मैच खेलने के लिए गंतमुल्ला गई थी।’’
जुबैर दार ने बताया, ‘‘जैसी उम्मीद थी वैसे ही हम जीत गए, लेकिन 8वीं कक्षा के एक बच्चे के शानदार टैलेंट ने मुझे हैरान कर दिया। उसने चार विकेट लिए और 55 रन बनाए। मुझे तुरंत समझ आ गया कि ऐसे टैलेंट को बर्बाद नहीं होने देना चाहिए।’’
इसके बाद आकिब नबी को एक ऑफर मिला कि आओ और बारामूला के इकलौते JKCA से जुड़े क्लब के लिए खेलो। किसी भी गांव में क्रिकेट खेलने वाले लड़के के लिए यह सपना पूरा होने जैसा था, लेकिन जुबैर दार को यह नहीं पता था कि उस दिन आकिब को मैदान पर होना ही नहीं था। उसे तो घर पर रहकर पढ़ाई करनी थी।
जुबैर दार बताते हैं, ‘‘उस दिन आकिब नबी दार के पिता को भी पता नहीं था कि उनका बेटा मैदान पर है। वह चुपके से घर से निकलकर मैच खेलने आया था। वह अक्सर ऐसा करता था। उसके पिता शिक्षक थे और चाहते थे कि बेटा डॉक्टर बने। आकिब को अपनी टीम में शामिल करने के लिए उनके पिता को काफी समझाना पड़ा।’’
आकिब जल्द ही बारामूला के स्टार खिलाड़ी बन गए, लेकिन जब उन्होंने बारामूला से बाहर दूसरे शहरों में खेलने का मौका तलाशना शुरू किया तो उनके सामने नई चुनौतियां भी आईं।
जुबैर दार ने बताया, ‘‘हमें 50 ओवर का मैच खेलने के लिए श्रीनगर जाना था। यह आकिब का टर्फ विकेट पर पहला मैच भी था। किसी भी कश्मीरी क्रिकेटर के लिए शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में खेलना किसी सपने से कम नहीं होता।’’

जुबैर दार ने बताया, ‘‘आकिब भी इसे लेकर बेहद उत्साहित था। वह मैच से एक रात पहले ठीक से सो भी नहीं पाया था, लेकिन वहां एक परेशानी हो गई।’’ इसके बाद मुजफ्फर मट्टू उस घटना के बारे में बताते हैं। मुजफ्फर मट्टू कहते हैं, ‘‘मैंने पहला ओवर किया और दूसरा ओवर आकिब को करना था। वह गेंदबाजी के लिए 22 गज की दूरी पर बने पिच की ओर बढ़ा ही था कि पहली गेंद डालते समय फिसलकर गिर पड़ा।’’
मुजफ्फर मट्टू ने कहा, ‘‘यह देखकर हम सभी हैरान रह गए और उसकी तरफ दौड़े। बाद में पता चला कि उसके जूतों में स्पाइक्स नहीं थे। उसे यह भी नहीं पता था कि जूतों में स्पाइक्स का इस्तेमाल क्यों किया जाता है। मैंने उसे अपने जूते दे दिए। इसके बाद हम दोनों बारी-बारी से गेंदबाजी करते और हर ओवर के बाद जूते बदल लेते थे। सोचिए, वही लड़का आज भारत के लिए खेल रहा है।’’
14 साल की उम्र तक आकिब को क्रिकेट की कोई विशेष ट्रेनिंग नहीं मिली थी। इस वजह से अंडर-16 क्रिकेट में खेलने का मौका उनके हाथ से निकल गया। हालांकि, अंडर-19 स्तर पर आकिब नबी ने जम्मू-कश्मीर की टीम में जगह बना ली और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा।
मुजफ्फर मट्टू बताते हैं, ‘‘वह जल्द ही टीम का स्टार खिलाड़ी बन गया। पंजाब के खिलाफ अपने दूसरे मैच में आकिब ने 60 से ज्यादा रन बनाए। उनकी इस पारी की मदद से जम्मू-कश्मीर ने अंडर-19 स्तर पर पंजाब के खिलाफ पहली बार जीत दर्ज की। इसके अगले मैच में उन्होंने राजकोट में सौराष्ट्र के खिलाफ 105 रन बनाए। इसके साथ ही उन्होंने खूब विकेट भी लिए। वह सीजन उसके लिए बड़े मौके का रास्ता खोलने वाला साबित हुआ।’’
आकिब के करियर को आगे बढ़ाने का अगला बड़ा मौका बीसीसीआई के एक विशेष तेज गेंदबाजी शिविर के रूप में आया। यह शिविर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा की देखरेख में आयोजित किया जा रहा था। इसमें मोहम्मद शमी और वरुण आरोन भी शामिल थे। आकिब नबी दार के नाम का एक पत्र जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (JKCA) के कार्यालय पहुंचा।
इसकी खबर बारामूला पहुंची तो वहां जश्न का माहौल बन गया, लेकिन तभी आकिब ने फिल्म ‘3 इडियट्स’ में आर माधवन के किरदार का मशहूर डायलॉग दोहरा दिया, ‘‘अब्बा नहीं मानेंगे।’’
मुजफ्फर मट्टू बताते हैं, ‘‘आकिब के पिता उसे भेजने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थे। उनका मानना था कि टीम के साथ सफर करना और अकेले चेन्नई तक जाना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। इस बार उन्हें मनाने के लिए हमें काफी कोशिश करनी पड़ी।’’
मुजफ्फर मट्टू ने कहा, ‘‘…आखिरकार वह मान गए। मेरा मानना है कि यही आकिब के करियर का टर्निंग पॉइंट था। ग्लेन मैक्ग्रा की देखरेख में मिली ट्रेनिंग से उसकी गेंदबाजी की बुनियादी कमियां दूर हुईं। कोचों ने उसके गेंदबाजी के वीडियो का विश्लेषण किया और उसे सीडी दीं, जिनमें बताया गया था कि उसे किन चीजों पर काम करने की जरूरत है।’’
मुजफ्फर मट्टू ने बताया, ‘‘जब आकिब लौटा तो उसके साथ पेशेवर क्रिकेट की पूरी समझ भी आई। वह पोषण, फिटनेस, जीवनशैली, ट्रेनिंग और तेज गेंदबाजी की तकनीक को समझने लगा था। उसे पता चला कि उच्च स्तर पर तेज गेंदबाजी करने के लिए किन चीजों की जरूरत होती है। इससे पहले उसका खेल कच्चा था। मैक्ग्रा ने ही उसके हुनर को निखारा।’’

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आकिब ने अभी केवल एक ही मैच खेला है, लेकिन बारामूला और आसपास के इलाकों में उनका असर अभी से दिखाई देने लगा है। उनके जैसा और प्रतिभाशाली खिलाड़ी तैयार करने के उद्देश्य से बारामूला जिला प्रशासन ने 65 लाख रुपये की लागत से हर मौसम में इस्तेमाल की जा सकने वाली नेट प्रैक्टिस सुविधा तैयार की है। इससे बच्चे सर्दियों में भी क्रिकेट का अभ्यास कर सकेंगे।
जुबैर दार कहते हैं, ‘‘यह वही जगह है, जहां कभी माता-पिता अपने बच्चों को भेजने से डरते थे और करीब 30 साल तक क्रिकेट पूरी तरह ठप रहा। अगर आकिब ने इतनी बड़ी कामयाबी हासिल नहीं की होती तो शायद इतनी प्रगति भी देखने को नहीं मिलती।’’
9 ओवर में 82 से 10 ओवर में सिर्फ 22 रन देने तक: अंशुल ने याद दिलाया 1975 विश्व कप में बिशन सिंह का आंकड़ा
अंशुल कम्बोज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में 10 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट लिए। पहले वनडे में उन्होंने 9 ओवर में 82 रन दिए थे। उनके प्रदर्शन ने 1975 विश्व कप में बिशन सिंह बेदी के गेंदबाजी आंकड़ों की याद दिला दी। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
