जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी डार को भारतीय टेस्ट टीम में जगह नहीं मिलने पर काफी आलोचना हुई थी, लेकिन अब उन्हें टीम इंडिया कैंप से बुलावा आया है। अफगानिस्तान के खिलाफ 6 जून से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले आकिब को छह अन्य गेंदबाजों के साथ भारतीय बल्लेबाजों को नेट्स में गेंदबाजी करने के लिए बुलाया गया है।
टीम प्रबंधन का मानना है कि व्यस्त कार्यक्रम और मौसम की चुनौती के बीच बल्लेबाजों को पर्याप्त अभ्यास दिलाने के लिए अतिरिक्त गेंदबाजों की जरूरत है। आकिब के अलावा उत्तर प्रदेश के दुबले-पतले लेग-स्पिनर जीशान अंसारी को भी नेट्स में गेंदबाजी करने के लिए कहा गया है।
जीशान अंसारी को शायद इसलिए नेट बॉलर के तौर पर बुलाया गया है, क्योंकि अफगानिस्तान की टीम में कुछ रिस्ट स्पिनर होने की उम्मीद है। जीशान अंसारी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हैं।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक सूत्र के हवाले से लिखा, ‘‘हां, आकिब नबी को इंडिया नेट्स में शामिल होने के लिए कहा गया है। सिर्फ आकिब ही नहीं, बल्कि छह और खिलाड़ी भी हैं जिन्हें इंडिया नेट्स में शामिल होने के लिए बुलाया गया है।’’
सूत्र के अनुसार, ‘‘लगातार सात दिनों में तीन मैच खेलने और यात्रा करने के कारण मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा पर काफी काम का बोझ रहा है। वहीं मौसम भी काफी चुनौतीपूर्ण है, इसलिए दोनों तेज गेंदबाज नेट्स में पूरी ताकत से गेंदबाजी नहीं कर सकते। ऐसे में बल्लेबाजों को पर्याप्त अभ्यास दिलाने के लिए अतिरिक्त गेंदबाजों को बुलाया गया है।’’
आकिब नबी ने जम्मू-कश्मीर को रणजी ट्रॉफी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने टूर्नामेंट में 60 विकेट लिए थे और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। इसके बावजूद भारतीय टेस्ट टीम में उन्हें जगह नहीं मिली और उन पर पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को तरजीह मिली।
आकिब नबी डार को टीम में शामिल नहीं किये जाने पर काफी विवाद हुआ था। भारत के पूर्व कप्तान और पूर्व मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर ने भी सवाल उठाते हुए कहा था कि अगर रणजी ट्रॉफी में अच्छे प्रदर्शन का इनाम नहीं मिलेगा तो फिर इस घरेलू टूर्नामेंट का महत्व क्या रह जाता है।
फिलहाल आकिब नबी डार को 15 सदस्यीय मुख्य टीम में शामिल नहीं किया गया है, लेकिन वह मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ के साथ रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में हैं।
उर्विल पटेल नंबर 1, वैभव-अभिषेक दूसरे पर, प्रियांश भी सूची में; IPL 2026 में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज
आईपीएल 2026 में सबसे तेज पचासा लगाने के मामले में चेन्नई सुपर किंग्स के उर्विल पटेल नंबर 1 बल्लेबाज रहे। जबकि इस लिस्ट में वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा का नाम दूसरे पर है। वैभव ने चार बार इस सीजन में बेहतरीन कारनामा किया। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
