जिस खिलाड़ी के वीडियो देखकर उदयवीर सिद्धू ने निशानेबाजी के गुर सीखने और आगे बढ़ने का सपना देखा, एक दिन उसी खिलाड़ी को हराकर उन्होंने विश्व कप में अपना पहला गोल्ड मेडल (सीनियर कैटेगरी में) जीत लिया। मिस्र के काहिरा में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में उदयवीर ने जर्मनी के क्रिश्चियन रिट्ज को पछाड़कर यह उपलब्धि हासिल की।

रियो ओलंपिक के 25 मीटर पिस्टल चैंपियन क्रिश्चियन रिट्ज कभी उदयवीर और उनके जुड़वां भाई विजयवीर के आदर्श हुआ करते थे। इस जीत ने उदयवीर सिद्धू के लिए उस पल को और खास बना दिया, जब उनके आदर्श ने खुद उनके प्रदर्शन की सराहना की।

इस सफलता की कहानी हालांकि, सिर्फ एक स्वर्ण पदक तक सीमित नहीं है। इसके पीछे दो भाइयों का साझा सफर, एक-दूसरे को बेहतर बनाने की कोशिश और पिता को खोने के बाद भी निशानेबाजी में आगे बढ़ते रहने का जज्बा है।

फाइनल के बाद उदयवीर सिद्धू के भीतर अपने आदर्श से मिलने की उत्सुकता साफ दिखाई दी। उदयवीर सिद्धू ने काहिरा से द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, विजयवीर और मैं क्रिश्चियन रिट्ज सर को अपना आदर्श मानते हुए बड़े हुए हैं। हम यूट्यूब पर उनके वीडियो देखते थे। जब मैंने गोल्ड मेडल जीता तो मैंने उन्हें बधाई दी और बताया कि यह मेरा 46वां अंतरराष्ट्रीय पदक है और सीनियर स्तर पर मेरा पहला पदक है।

उदयवीर सिद्धू ने बताया कि क्रिश्चियन रिट्ज ने उन्हें जवाब दिया कि उनका पहला सीनियर अंतरराष्ट्रीय पदक भी गोल्ड मेडल था, जो उन्होंने 2008 में रियो में हुए आईएसएसएफ विश्व कप में जीता था। उदयवीर सिद्धू ने कहा, यह मेरे निशानेबाजी करियर की सबसे अच्छी तारीफ है।

पिता ने दिलाई थी पहली एयर पिस्टल

उदयवीर और उनके जुड़वां भाई विजयवीर पंजाब के मानसा में पिता गुरप्रीत सिंह सिद्धू के साथ बड़े हुए। उनके पिता सहायक शिक्षा अधिकारी थे। साल 2013 में उन्होंने दोनों बेटों को निशानेबाजी का अभ्यास कराने के लिए 10 मीटर एयर पिस्टल दिलाई।

उदयवीर ने बताया, ‘‘जब हमने शुरुआत की थी तब हम दोनों पिता की खरीदी एक ही 10 मीटर एयर पिस्टल से अभ्यास करते थे। उसकी कीमत 1 लाख 30 हजार रुपये थी। जुड़वां होने के नाते हमारा रिश्ता खास है और हम हमेशा एक-दूसरे को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहे हैं।’’

उदयवीर ने हंसते हुए कहा कि विजयवीर उनसे दो मिनट छोटे हैं, लेकिन ज्यादातर समय बड़े भाई की बात नहीं सुनते। इसके बावजूद दोनों निशानेबाजी को लेकर एक-दूसरे से सुझाव साझा करते रहते हैं।

साल 2017 में दोनों भाइयों ने पिता को खो दिया। इस मुश्किल दौर के एक साल बाद ही उदयवीर ने दक्षिण कोरिया के चांगवोन में आईएसएसएफ विश्व जूनियर चैंपियनशिप में 25 मीटर पिस्टल का खिताब जीता। विजयवीर ने 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में खिताब अपने नाम किया।

इसके बाद अगले दो वर्षों तक दोनों भाई भारतीय जूनियर निशानेबाजी टीम का नियमित हिस्सा बने रहे। विजयवीर ने 2021 में 25 मीटर पिस्टल और 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल में जूनियर विश्व खिताब जीते, जबकि उदयवीर ने 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल में रजत पदक हासिल किया।

विजयवीर को पहले मिला सीनियर टीम में मौका

विजयवीर को सीनियर टीम में जगह बनाने का मौका उदयवीर से पहले मिला। उन्होंने नई दिल्ली में हुए आईएसएसएफ विश्व कप में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की, लेकिन वह टोक्यो ओलंपिक के लिए कोटा हासिल करने से चूक गए। हालांकि, उन्होंने पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया।

दूसरी ओर, उदयवीर जूनियर स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे। उदयवीर ने 2022 में काहिरा में जूनियर विश्व चैंपियनशिप में 25 मीटर पिस्टल और 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धाओं के खिताब जीते।

दोनों भाइयों ने 25 मीटर पिस्टल से साथ शुरुआत की थी। इसके साथ ही वे 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धाओं में भी हिस्सा लेते रहे। निशानेबाजी को लेकर दोनों के बीच अक्सर चर्चा होती है और वे एक-दूसरे को सलाह देते हैं।

उदयवीर ने बताया, ‘‘हम अक्सर 10 मीटर एयर पिस्टल में बुनियादी बातों को सही रखने के बारे में बात करते हैं और यह भी कि इससे धैर्य बनाए रखने में कैसे मदद मिलती है। विजयवीर हमेशा मुझे 25 मीटर पिस्टल में खुद पर भरोसा रखने के लिए कहते हैं। मैं अपने शॉट्स को नियंत्रित करने के बारे में जरूरत से ज्यादा सोचने लगता हूं, लेकिन विजयवीर हमेशा मुझे अपनी प्रक्रिया पर भरोसा रखने की सलाह देते हैं।’’

काहिरा में यादगार वापसी

काहिरा में हुए फाइनल में आठ निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। इनमें पेरिस ओलंपिक के दो पदक विजेता भी शामिल थे। इटली के पाओलो मोन्ना ने पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था, जबकि तुर्की के यूसुफ डिकेक ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया था।

उदयवीर ने फाइनल की शुरुआत 49.8 के स्कोर के साथ की और शीर्ष पर चल रहे मोन्ना से 2.1 अंक पीछे थे। दूसरी सीरीज के बाद भारतीय निशानेबाज छठे स्थान पर खिसक गए।

इसके बाद हर दो शॉट के बाद एक निशानेबाज के बाहर होने के क्रम में अगले 14 शॉट के दौरान उदयवीर ने दस अंक से कम के चार शॉट लगाए। बाकी निशानेबाजों का प्रदर्शन भी असंगत रहा। एक समय शीर्ष पर चल रहे मोन्ना अंततः कांस्य पदक के साथ बाहर हुए।

अंतिम दो शॉट से पहले उदयवीर जर्मनी के क्रिश्चियन रिट्ज से 0.3 अंक पीछे थे। उदयवीर ने 10.2 का शॉट लगाया, जबकि रिट्ज केवल 9.6 अंक ही हासिल कर पाए। अंतिम शॉट से पहले उदयवीर के पास 0.3 अंक की बढ़त थी।

उदयवीर ने आखिरी शॉट में 9.8 अंक हासिल किये, जबकि क्रिश्चियन रिट्ज का निशाना 9.6 पर लगा। इस तरह उदयवीर सिद्धू ने अपने आदर्श को पछाड़कर विश्व कप का स्वर्ण पदक जीत लिया।

कोच जेलेना अरुनोविच ने उदयवीर के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा, ‘‘उदयवीर की सामरिक परिपक्वता ने मुझे प्रभावित किया।’’ अरुनोविच ने कहा कि उदयवीर ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल से जुड़ी बेहतरीन तकनीकों और अभ्यास के तरीकों को अपनाया और उन्हें 10 मीटर एयर पिस्टल में सफलतापूर्वक इस्तेमाल किया। कोच के मुताबिक, उदयवीर ने फाइनल में मुकाबले को अच्छी तरह संभाला।

कोच ने की तुलना

कोच ने उदयवीर और विजयवीर के रिश्ते की तुलना अपने और अपनी छोटी बहन जोराना के रिश्ते से भी की। जोराना पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा की स्वर्ण पदक विजेता रही थीं।

कोच ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमें जुड़वां भाइयों के रिश्ते को थोड़ा अलग नजरिये से देखना चाहिए। टीम में मेरी बहन का होना मेरे लिए चीजों को आसान बनाता है। हम अभ्यास के दौरान एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा करते थे, लेकिन अपने अनुभव भी साझा करते थे। एक-दूसरे से सीखते थे और हमेशा एक-दूसरे का ख्याल रखते थे।’’

उन्होंने बताया, ‘‘बाद में मैं उसका कोच बना और उसे मार्गदर्शन दिया। उसने ओलंपिक गोल्ड सहित जो भी बड़े पदक जीते, उनमें मैंने उसकी मदद की। स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सहयोग एक साथ चल सकते हैं।’’

उदयवीर और विजयवीर सिद्धू का रिश्ता भी इसी बात की मिसाल है। दोनों ने एक ही पिस्टल से अभ्यास शुरू किया, एक-दूसरे से सीखा और अलग-अलग पड़ावों से गुजरते हुए निशानेबाजी में अपनी पहचान बनाई। अब उदयवीर ने अपने आदर्श क्रिश्चियन रिट्ज को हराकर सीनियर स्तर पर पहला विश्व कप स्वर्ण पदक जीतकर करियर में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।

Sujeet Kalkal Interview: पांच की उम्र में अखाड़े में रखा कदम, एशियाड के गोल्ड मेडलिस्ट की अब ओलंपिक चैंपियन बनने पर नजर

Sujeet Kalkal Interview: जनसत्ता के साथ इंटरव्यू में सुजीत कलकल ने बताया कि उनके पिता दयानंद कलकल ने उन्हें 5-7 की उम्र में ही अखाड़े में लेकर चले गए थे। उन्होंने सुजीत से कहा कि ओलंपिक गोल्ड से नीचे कुछ नहीं सोचना है। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)