Aishwary Pratap Singh Tomar In ISSF World Cup: म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप में भारतीय निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर के साथ ऐसा हुआ, जिसकी शायद उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी। जिस राइफल को प्रतियोगिता से पहले तकनीकी जांच में मंजूरी मिल गई थी और जिससे उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई, उसी राइफल में बाद की जांच के दौरान खामी बताकर उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया।

शुक्रवार बना उम्मीदों और निराशा का दिन

इस फैसले ने न सिर्फ उनके पदक जीतने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया, बल्कि एशियाई खेलों के चयन की राह भी मुश्किल बना दी है। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर के लिए शुक्रवार 29 मई 2026 का दिन उम्मीदों और निराशा का मिश्रण लेकर आया। क्वालिफिकेशन दौर में शानदार प्रदर्शन कर पांचवें स्थान पर पहुंचने के बावजूद उन्हें फाइनल से पहले अयोग्य घोषित कर दिया गया। दो बार के ओलंपियन ऐश्वर्य सिंह तोमर ने क्वालिफिकेशन में 592 का मजबूत स्कोर बनाया था, लेकिन पदक दौर से पहले शीर्ष 10 निशानेबाजों की अनिवार्य उपकरण जांच में उनकी राइफल में खामी पाई गई।

जूरी ने नहीं मानीं आईएसएसएफ की दलीलें

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ के सूत्रों के अनुसार, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर पिछले एक साल से इसी राइफल का इस्तेमाल कर रहे थे। प्रतियोगिता शुरू होने से पहले हुई पूर्व-जांच में राइफल को पूरी तरह सही पाया गया था और ऐश्वर्य ने क्वालिफिकेशन में भी इसी राइफल का इस्तेमाल किया था। हालांकि, बाद की जांच में आईएसएसएफ तकनीशियनों ने राइफल की माप में गड़बड़ी बताई। भारतीय दल ने आईएसएसएफ जूरी के सामने अपील की। आईएसएसएफ ने कहा कि राइफल पहले से ही पास हो चुकी थी, लेकिन जूरी ने उनकी दलीलें खारिज कर दीं।

एशियाई खेलों के चयन में भी पड़ सकता है असर

इस तकनीकी अयोग्यता का असर ऐश्वर्य सिंह तोमर के एशियाई खेलों के चयन पर भी पड़ सकता है। आईएसएसएफ विश्व कप के स्कोर का चयन में काफी महत्व होता है। ऐसे में भारतीय संघ को चयन ट्रायल कराने की नौबत आ सकती है। 25 वर्षीय ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व किया था।

ऐश्वर्य ने शुक्रवार को म्यूनिख से बताया, ‘‘राइफल की एक प्लेट में बहुत हल्की सी समस्या थी, जो नजर नहीं आती, लेकिन मापने पर पता चलती है। टूर्नामेंट से पहले जांच में मुझे कहा गया था कि आप खेलो, कोई समस्या नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली, कजाकिस्तान, दोहा और एशियाई चैंपियनशिप में इसी राइफल से खेला, कभी किसी ने नहीं रोका, लेकिन शुक्रवार 29 मई को आईएसएसएफ ने उपकरण के आधार पर मुझे अयोग्य कर दिया।’’

ISSF World Cup: गांव के मेले में छर्रे की बंदूक से गुब्बारे फोड़ने के शौक ने 21 साल के ‘प्रिंस’ को बनाया वर्ल्ड चैंपियन

ISSF World Cup 2022: विश्व कप में बेटे की सुनहरी कामयाबी से गदगद ऐश्वर्य के पिता वीरबहादुर सिंह तोमर ने अपने बेटे से जुड़ी यादें साझा कीं। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)