इंडियन सुपर लीग (ISL) में फिर नस्लभेद का जिन्न सामने आया है, जिसने खेल प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेंगलुरु स्थित श्री कांतीरावा स्टेडियम में 11 अप्रैल को बेंगलुरु एफसी और केरल ब्लास्टर्स के बीच खेले गए ISL मैच में सेनेगल के डिफेंडर फालू नडियाये को स्थानीय दर्शकों की भद्दी नस्लभेदी टिप्पणियों का शिकार होना पड़ा। केरल ब्लास्टर्स ने वह मैच 2-1 से जीता था।

केरल ब्लास्टर्स की कड़ी आपत्ति और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) ने मामले को अपनी अनुशासनात्मक समिति को सौंप दिया। हालांकि, AIFF और बेंगलुरु एफसी दोनों ने नस्लभेद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है, लेकिन प्रशंसक अब ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में खेल के मैदान नफरत का अखाड़ा न बने।

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ की ओर से मंगलवार 14 अप्रैल को जारी बयान में कहा गया, ‘‘AIFF को इंडियन सुपर लीग 2025-26 के दौरान खिलाड़ियों के खिलाफ कथित नस्लीय व्यवहार के संबंध में कुछ शिकायतें मिली हैं। हम खिलाड़ियों और हर उस व्यक्ति के साथ मजबूती से खड़े हैं, जिसे बिना किसी भी तरह के भेदभाव के इस खूबसूरत खेल में हिस्सा लेने और इसका आनंद लेने का अधिकार है।’’

AIFF का दावा- हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति

बयान में कहा गया, ‘‘AIFF नस्लवाद के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ (बिल्कुल भी बर्दाश्त न करने) की नीति अपनाता है। शिकायतों को एआईएफएफ की अनुशासन संहिता के अनुसार जांच के लिए अनुशासन समिति को भेज दिया गया है। अनुशासन समिति एक स्वतंत्र न्यायिक संस्था है। जब तक यह कार्यवाही चल रही है, तब तक एआईएफएफ इस मामले पर कोई और टिप्पणी नहीं करेगा।’’

बयान के अनुसार, ‘‘भारतीय फुटबॉल परिवार नस्लवाद के खिलाफ पूरी दृढ़ता से खड़ा है। जो लोग हमारे स्टेडियमों में नफरत फैलाते हैं, उनके लिए हमारे खेल में कोई जगह नहीं है।’’

केरल ब्लास्टर्स ने कड़ी निंदा की

इससे पहले केरल ब्लास्टर्स ने कथित नस्लवादी दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा की थी। क्लब ने कहा, ‘‘क्लब ने एक बेहद शर्मनाक घटना का संज्ञान लिया है, जो हमारे पिछले मैच के दौरान हुई थी। इस घटना में हमारे एक खिलाड़ी को खुलेआम नस्लभेदी नारों का सामना करना पड़ा।’’

बयान में कहा गया, ‘‘क्लब इस हरकत की कड़ी निंदा करता है और उसने इस मामले को ISL और AIFF के संबंधित पदाधिकारियों के सामने औपचारिक रूप से उठाया है। हम अपने खिलाड़ी की गरिमा की रक्षा के लिए उचित कार्रवाई भी करेंगे। हमारे खेल में नस्लवाद के लिए कोई जगह नहीं है।’’

बेंगलुरु FC ने भी की घरेलू दर्शकों के बर्ताव की आलोचना

बेंगलुरु FC ने भी घरेलू दर्शकों के नस्लभेदी बर्ताव की आलोचना की और कहा कि वे इस घटना में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

बेंगलुरु एफसी की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘‘हम इस बर्ताव की कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। नस्लवाद बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है; हमारे खेल में इसकी कोई जगह नहीं है और यह उन मूल्यों के पूरी तरह विपरीत है जिनके लिए यह क्लब खड़ा है।’’

वैभव सूर्यवंशी की एंट्री से 3 खिलाड़ियों पर खतरा? अभिषेक शर्मा पर भी लटक रही तलवार

आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी शुरुआती बल्लेबाजी से जो धूम मचाई है, उसके बाद खबरें हैं कि वह जल्द ही टीम इंडिया में डेब्यू कर सकते हैं। आयरलैंड सीरीज में वैभव को टीम इंडिया में मौका मिल सकता है। अब सवाल यह है कि किसकी जगह वह टीम में आएंगे? पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।