भारतीय टीम इन दिनों आयरलैंड दौरे पर है और वहां दो मैचों की टी20 सीरीज खेलने के बाद ये टीम इंग्लैंड दौरे पर 5 मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। आईपीएल 2026 के बाद भारतीय टीम इस साल यानी साल 2026 में अपना पहला टी20 सीरीज खेलने जा रही है, लेकिन इससे पहले ये जानते हैं कि इस साल अब तक खेले गए टी20 मुकाबले में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बैटर कौन-कौन हैं। कमाल की बात ये है कि भारत के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा इस लिस्ट में सूर्यकुमार, संजू व शिवम दुबे से भी नीचे हैं।
इशान किशन ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन
साल 2026 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों की लिस्ट में इशान किशन टॉप पर चल रहे हैं। इशान ने इस साल अब तक खेले गए 13 मैचों की 13 पारियों में सबसे ज्यादा 532 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और 4 अर्धशतक भी शामिल है। इशान का बेस्ट स्कोर 103 रन है जबकि उनका स्ट्राइक रेट 207.00 का है। इशान के बाद इस सूची में दूसरे नंबर पर पूर्व भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव हैं जिन्होंने 14 मैचों की 14 पारियों में 484 रन बनाए हैं। सूर्या ने इस दौरान 4 अर्धशतक लगाए हैं और उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 84 रन रहा है।
अभिषेक शर्मा हैं लिस्ट में 5वें नंबर पर
साल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बैटर्स की सूची में तीसरे नंबर पर अभी संजू सैमसन हैं जिन्होंने 10 मैचों में 3 अर्धशतक के साथ 367 रन बनाए हैं और उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 97 रन है। वहीं चौथे स्थान पर शिवम दुबे हैं जिन्होंने 14 मैचों की 12 पारियों में 2 अर्धशतक के साथ 352 रन बनाए हैं जिसमें उनका बेस्ट स्कोर 66 रन रहा है। इस लिस्ट में अभिषेक शर्मा 5वें स्थान पर हैं जो पिछले दिनों ज्यादा लय में नहीं थे। अभिषेक ने इस साल अब तक खेले 13 मैचों की 13 पारियों में 4 अर्धशतक के साथ 323 रन बनाए हैं। अभिषेक का बेस्ट स्कोर इस साल अब तक 84 रन रहा है।
साल 2026 में T20I में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बैटर्स
इशान किशन- 532 रन
सूर्यकुमार यादव- 484 रन
संजू सैमसन- 367 रन
शिवम दुबे- 352 रन
अभिषेक शर्मा- 323 रन
134 छक्के, 116 चौके, 670 गेंदों पर 1477 रन, स्ट्राइक रेट 220 के पार; वैभव सूर्यवंशी अब आयरलैंड में धूम मचाने को तैयार
वैभव सूर्यवंशी का टी20 करियर अब तक लाजवाब रहा है जिसमें उन्होंने अब तक 220 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। वैभव ने टी20 प्रारूप में अब तक चौकों से ज्यादा छक्के लगाए हैं। वो आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू के लिए तैयार हैं। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
