इशान किशन ने आरसीबी के खिलाफ आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में गजब की पारी खेली, लेकिन शतक लगाने से चूक गए। एक समय ऐसा था जब हैदराबाद की टीम आरसीबी के खिलाफ रन बनाने के लिए संघर्ष करती हुई नजर आ रही थी, लेकिन इशान की पारी के दम पर हैदराबाद की टीम आरसीबी के खिलाफ अच्छी स्थिति में पहुंच गई।
इस मैच में इशान किशन ने पहले अपना अर्धशतक सिर्फ 27 गेंदों पर चौके के साथ पूरा किया और फिर उन्होंने 38 गेंदों पर 80 रन की पारी 5 छक्के और 8 चौकों की मदद से बनाए। इशान ने कप्तानी पारी इस मैच में खेली और कप्तान के तौर पर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया जो इससे पहले हैदराबाद की तरफ से किसी भी खिलाड़ी ने नहीं किया था।
इशान किशन ने तोड़ा मनीष पांडे का रिकॉर्ड
इशान किशन हैदराबाद के लिए बतौर कप्तान डेब्यू मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बैटर भी बने। हैदराबाद के लिए बतौर कप्तान डेब्यू मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड मनीष पांडे के नाम पर दर्ज था जिन्होंने साल 2021 में मुंबई के खिलाफ 41 गेंदों पर नाबाद 69 रन की पारी खेली थी, लेकिन इशान अब 80 रन बनाकर उनसे आगे निकल गए।
हैदराबाद के लिए बतौर कप्तान डेब्यू मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बैटर
80 रन (38 बॉल) – ईशान किशन बनाम RCB, बेंगलुरु, 2026
69* रन (41 बॉल) – मनीष पांडे बनाम MI, अबू धाबी, 2021
53 रन (42 बॉल) – डेविड वॉर्नर बनाम CSK, चेन्नई, 2015
इस मैच में अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों पर 43 रन की शानदार पारी खेली और इस दौरान 4 छक्के और 3 चौके भी लगाए। अनिकेत ने आखिरी वक्त पर टीम के लिए बेहद उपयोगी पारी खेली। इशान और अनिकेत की पारी के दम पर हैदराबाद ने खराब शुरुआत के बाद भी 20 ओवर में 9 विकेट पर 201 रन बनाए और आरसीबी के जीत के लिए 202 रन का टारगेट दिया।
