भारत की टी20 वर्ल्ड कप 2026 की जीत के सबसे बड़े हीरो में से एक रहे इशान किशन की कहानी काफी दिलचस्प है। यह वही खिलाड़ी हैं जो करीब दो साल तक टीम इंडिया से बाहर रहे थे। वर्ल्ड कप से ठीक पहले न्यूजीलैंड सीरीज में उनका चयन होता है और फिर वर्ल्ड कप में इशान का बल्ला आग उगलता है। 9 मैचों में 317 रन बनाकर इशान संजू सैमसन के बाद भारत के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। इस ऐतिहासिक विश्व कप जीत के बाद इशान ने अपने सेलेक्शन से जुड़ा एक वाकिया बताया।

इशान ने उस बातचीत का जिक्र किया जो टीम में सेलेक्शन से पहले उनके और कप्तान सूर्यकुमार यादव के बीच हुई थी। दरअसल इशान ने खुलासा करते हुए बताया कि टीम में चयन से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इशान किशन को कॉल किया था और उस बीच दोनों के बीच सीधी-सपाट दो लाइन में बात हुई थी। उसी का जिक्र इशान ने मैच के बाद किया।

क्या हुआ जब सूर्या ने किया इशान को कॉल?

सूर्यकुमार यादव ने दो साल से टीम से बाहर चल रहे इशान किशन को जब कॉल किया तो उन्होंने सीधे पूछा,”वर्ल्ड कप जिताएगा क्या?” इशान किशन ने भी इसका जवाब दो टूक दिया और कप्तान से पूछा,”भरोसा करोगे क्या?” उसके बाद सूर्या ने हां कहा और फिर जो हुआ आज वह सबके सामने है। यह बातचीत इतिहास बन गई और इशान किशन ने जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में किया वह इतिहास के पन्नों पर दर्ज हो गया।

इशान किशन के प्रदर्शन की बात करें तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्होंने शुरुआत बतौर ओपनर की थी। उसके बाद संजू सैमसन की वापसी से उन्हें नंबर 3 की जिम्मेदारी मिली। न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली सीरीज में भी इशान लगातार नंबर 3 पर ही तिलक वर्मा की गैरमौजूदगी में खेलते नजर आ रहे थे। इशान किशन टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज रहे। वहीं भारत के लिए संजू सैमसन के बाद दूसरे टॉप स्कोरर बने।

इशान ने 9 मैचों की 9 पारियों में तीन अर्धशतक के साथ 317 रन बनाए। उनका औसत 35.22 और स्ट्राइक रेट 193 से अधिक का रहा। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ अहम मुकाबले में 77 और फिर फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 54 रन की शानदार पारियां खेलीं। नामीबिया के खिलाफ भी उन्होंने 61 रन बनाए थे। इशान का चयन भारत के लिए उपयोगी साबित हुआ और इस खिलाड़ी ने भारत की जीत में अहम योगदान दिया।

यह भी पढ़ें- “क्रिकेट भी खत्म कर दिया गया है”: भारत के चैंपियन बनने से खीज उठे शोएब अख्तर, टीम इंडिया को कहा- मोहल्ले का अमीर बच्चा
यह भी पढ़ें- हिस्ट्री रिपीट, हिस्ट्री डिफीट: ओपनिंग की समस्या, साउथ अफ्रीका से हार; कैसे गिरकर संभली टीम इंडिया और रच दिया इतिहास