साक्षी राज। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि संजू सैमसन की बल्लेबाजी में मौजूद एक तकनीकी खामी बार-बार उनके खराब प्रदर्शन की वजह बन रही है। वहीं, पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम का कहना है कि अगर संजू शुरुआती 10 गेंदें संभलकर खेल लें, तो वह बड़ी पारी खेलने की क्षमता रखते हैं।
संजू सैमसन का आयरलैंड दौरा बेहद निराशाजनक रहा था। उन्होंने दो पारियों में सिर्फ पांच रन बनाए। इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत भी उनके लिए अच्छी नहीं रही। चेस्टर-ली-स्ट्रीट में बारिश से प्रभावित पहले टी20 में वह सात गेंदों पर सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए।
मैच के बाद ब्रॉडकास्टर से बातचीत में इरफान पठान ने कहा, ‘‘जब आप संजू सैमसन के खिलाफ गेंदबाजी करते हैं तो कोशिश यही होती है कि गेंद ऑफ स्टंप के बाहर रखी जाए। गेंद ज्यादा स्विंग न भी करे, तब भी उसकी लाइन ऑफ स्टंप के बाहर होनी चाहिए। संजू बल्ले का मुंह थोड़ा बंद रखकर खेलते हैं। ऐसे में जब वह ऑफ साइड में शॉट खेलने की कोशिश करते हैं तो बल्ले का मुंह खुल जाता है, जिससे उनके आउट होने की संभावना बढ़ जाती है।’’
इरफान ने आगे कहा कि यही वजह है कि संजू सैमसन कई बार स्लिप, विकेटकीपर या स्क्वायर के पीछे कैच आउट होते हैं। विपक्षी टीमें भी उनके खिलाफ इसी रणनीति के साथ उतरती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘फील्ड बदलने के बावजूद गेंदबाजों ने अपनी लाइन नहीं बदली। उन्होंने ऑफ स्टंप के बाहर थोड़ी छोटी लेंथ पर गेंदबाजी की, जहां गेंद रुककर आ रही थी और संजू सैमसन उसी जाल में फंस गए।’’
आयरलैंड दौरे पर भी संजू सैमसन इसी तरह आउट हुए थे। पहले टी20 में उन्होंने कवर के ऊपर से ड्राइव खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के अंदरूनी किनारे से लगकर स्टंप्स पर जा लगी। दूसरे मैच में वह अंदर आती हुई गेंद पर आउट हुए थे। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी उनका विकेट लगभग उसी अंदाज में गिरा।
संजू सैमसन के प्रदर्शन पर पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम ने भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि संजू के खेल में उतार-चढ़ाव हमेशा देखने को मिले हैं। सबा करीम ने कहा, ‘‘इंग्लैंड के खिलाफ वह सिर्फ सात गेंद खेल सके। हालांकि उससे पहले की छह गेंदों में ऐसा लग रहा था कि या तो वह बड़ा शॉट लगाएंगे। अक्सर देखा गया है कि जब भी वह जल्दी पवेलियन लौटते हैं तो शुरुआती 10 गेंदों के भीतर ही अपना विकेट गंवा देते हैं। अगर वह यह शुरुआती दौर निकाल लें तो बड़ी पारी खेलने की पूरी क्षमता रखते हैं।’’
सबा करीम ने कहा, ‘‘इंग्लैंड के गेंदबाजों ने अपनी लेंथ से उन्हें बांधे रखा। उन्हें अपने पसंदीदा शॉट खेलने के लिए न तो पर्याप्त ऊंचाई मिली और न ही जगह। संजू को तेज गेंदबाजों के खिलाफ इनसाइड-आउट शॉट खेलना पसंद है, लेकिन इंग्लैंड ने उन्हें ऐसा करने का मौका नहीं दिया। इससे उन पर दबाव बढ़ा। उनके करियर में ऐसी परिस्थितियां पहले भी आई हैं और मुझे भरोसा है कि वह जल्द ही इससे उबरकर बड़ी पारी खेलेंगे।’’
बता दें संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे। इंडियन प्रीमियर लीग में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा था। आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किग्ंस के लिए खेलते हुए संजू सैमसन ने 14 मैच में 165.63 के स्ट्राइक रेट से 477 रन बनाए थे। इसमें उनके दो शतक और एक अर्धशतक शामिल हैं।
श्रेयस ने बतौर कप्तान तीसरे T20I में ही कर दिया कमाल, रोहित, कोहली, धोनी कोई नहीं हासिल कर पाया यह उपलब्धि
भारत बनाम इंग्लैंड पहला टी20 इंटरनेशनल मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन बनाए। इसके बाद बारिश आ गई और इंग्लैंड की पारी शुरू नहीं हो पाई। इसी वजह से मैच का नतीजा नहीं निकल पाया। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
