भारत के खिलाफ 1 मार्च को सुपर 8 का आखिरी मैच हारने के बाद वेस्टइंडीज टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गई थी। उसके बाद 5 मार्च तक अभी भी टीम भारत में ही फंसी हुई है और खिलाड़ी अपने घर वापस नहीं लौट पाए हैं। दरअसल ईरान-इजरायल के बीच जारी युद्ध के कारण तनाव काफी बढ़ चुका है। इस कारण भारत से विदेशी उड़ान बाधित हैं। इसी को लेकर वेस्टइंडीज के कोच ने अब एक्स के माध्यम से मदद की गुहार लगाना शुरू कर दिया है।
डैरेन सैमी ने घर वापसी के लिए लगाई गुहार
वेस्टइंडीज के कोच डैरेन सैमी ने गुरुवार को एक्स पर अपना पहला पोस्ट सुबह 10.48 (IST) पर किया और लिखा,”मुझे घर वापस जाना है।” उसकी थोड़ी देर बाद सैमी ने फिर एक्स पर पोस्ट किया और अथॉरिटी, बोर्ड और सरकारों से जवाब मांगा। उन्होंने दोपहर 2.42 पर पोस्ट करते हुए पूछा कि कितना समय और लगेगा।
उन्होंने अपने दूसरे पोस्ट में लिखा,”कम से कम कोई अपडेट तो दी जाए। हमें कुछ तो बताइए। आज, कल, अगले हफ्ते कब हम लौटेंगे। 5 दिन हो चुके हैं।” वेस्टइंडीज के कोच डैरेन सैमी की चिंता साफ है कि कम से कम उन्हें जानकारी दी जाए कि आखिर वह और उनकी टीम कब घर लौट पाएगी। क्या इंतजाम किए जा रहे हैं और कैसे उन्हें वापस भेजा जाएगा?
कोलकाता में क्यों फंसी है वेस्टइंडीज की टीम?
जैसा कि हमने बताया कि ईरान-इजरायल युद्ध के कारण मिडल-ईस्ट में तनाव बढ़ चुका है। इसके कारण पश्चिम एशियाई एयर स्पेस भी बंद हैं। वेस्टइंडीज की टीम ने कोलकाता में सुपर 8 का आखिरी मैच खेला था और तब से टीम वहीं फंसी है और उसकी घर रवानगी नहीं हो पाई। दुबई एयरपोर्ट भी बंद है और पश्चिम एशियाई एयर स्पेस बंद होने के कारण हजारों उड़ान रद्द की जा चुकी हैं। इसी कारण वेस्टइंडीज की टीम अभी भारत में ही है।
वेस्टइंडीज से पहले जिम्बाब्वे की टीम भी भारत में फंसी थी लेकिन आईसीसी की मदद से उनके कुछ खिलाड़ियों को वापस भेजा जा चुका है। जिम्बाब्वे क्रिकेट ने अपने बयान में बताया था कि दुबई की तरफ से जाने की उनकी उड़ा रद्द हो गई थी। इसके बाद आईसीसी ने इंतजाम किए और खास विमान से टीम को ऐडिस अबाबा (Ethiopia) के रास्ते से हरारे पहुंचाने की व्यवस्था की गई। आईसीसी द्वारा जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों को बैच में भेजने की व्यवस्था हुई है। बुधवार को एक बैच भेजा गया था और आखिरी बैच शुक्रवार को निकलेगा।
जिम्बाब्वे की टीम को दूसरे रूट से भेजा जा रहा है और उनकी व्यवस्था हो चुकी है। वहीं वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों के लिए अभी क्या व्यवस्था है इसकी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। यही कारण है कि अब कोच के सब्र का बांध टूटा और उन्होंने लगातार एक्स पर पोस्ट करना शुरू कर दिया है। अब देखना होगा कि आईसीसी, बीसीसीआई और सरकारों के द्वारा कैरेबियाई खिलाड़ियों की वापसी के लिए क्या इंतजाम किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- संजू सैमसन vs जोफ्रा आर्चर: भारत-इंग्लैंड के सेमीफाइनल की सबसे खतरनाक जंग, पुराने रिकॉर्ड ने बढ़ाई टीम इंडिया की टेंशन
यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंद पर ठोका पचासा, 305 के स्ट्राइक रेट से बनाए रन; टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया
