ईरान के खेल मंत्री अहमद दोन्यामाली ने बुधवार (11 मार्च) को कहा कि वह फीफा वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा नहीं ले पाएगा क्योंकि सह-मेजबान अमेरिका ने इजरायल के साथ मिलकर ईरान पर एयरस्ट्राइक की। इसमें उसके सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए। अमेरिका और इजरायल ने करीब दो हफ्ते पहले ईरान पर एयरस्ट्राइक की। इसमें इस्लामिक रिपब्लिक के सुप्रीम लीडर मारे गए। इससे पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालात हो गए।
ईरान के खेल मंत्री ने सरकारी टीवी पर कहा, ‘इस भ्रष्ट सरकार ने हमारे नेता की हत्या कर दी है। हम किसी भी हालत में वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं ले सकते।’48 टीमों का वर्ल्ड कप 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में होगा। दोन्यामाली ने कहा, ‘हमारे बच्चे सुरक्षित नहीं हैं और असल में हिस्सा लेने के लिए ऐसी स्थितियां मौजूद नहीं हैं। ईरान के खिलाफ उन्होंने गलत काम किए हैं। उन्होंने आठ या नौ महीनों में हम पर दो युद्ध थोपे हैं और हमारे हजारों लोगों को मार डाला है दिया है। इसलिए हम निश्चित रूप से मौजूदगी नहीं रख सकते।’
फीफा प्लानिंग समिट में नहीं हुआ शामिल
पिछले दिसंबर में घोषित फीफा वर्ल्ड कप 2026 के शेड्यूल में ईरान को बेल्जियम, मिस्र और न्यूजीलैंड के साथ ग्रुप में रखा गया था। उनके ग्रुप जी के तीनों मैच अमेरिका में दो लॉस एंजिल्स में और एक सिएटल में होने वाले हैं। ईरान ने पिछले साल मार्च में टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया था। उसने एशियन क्वालिफाइंग राउंड में अपना दबदबा दिखाया था। पिछले हफ्ते अटलांटा में हुए वर्ल्ड कप प्रतिभागियों के लिए फीफा प्लानिंग समिट में वह शामिल नहीं हुआ था।
ईरान पर लग सकता है भारी जुर्माना
रायटर्स ने ईरानी फुटबॉल फेडरेशन से संपर्क किया है, लेकिन अबतक जवाब नहीं आया है। ईरान के रिप्लेसमेंट पर फीफा से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। वर्ल्ड कप के लिए फीफा के नियमों के मुताबिक अगर कोई टीम पहले मैच से 30 दिन पहले तक टूर्नामेंट से हटती है तो फीफा की अनुशासनातमक समिति उस पर कम से कम 250,000 स्विस फ्रैंक (320,800 डॉलर) का जुर्माना लगाएगी।
यह भी पढ़ें: पश्चिम एशिया संकट का खेलों पर असर: आईसीसी क्रिकेट विश्व कप लीग 2 रुकी, FIFA ने कहा- वर्ल्ड कप नहीं टलेगा
