इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खिलाड़ियों के ट्रेड को लेकर चल रही अटकलों के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने लीग की पारदर्शिता पर बड़ा सवाल उठाया है। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या के गुजरात टाइटंस में संभावित वापसी की चर्चाओं के बीच सुनील गावस्कर ने कहा कि ट्रेड के दौरान खिलाड़ियों की रकम और अन्य वित्तीय आंकड़े सार्वजनिक होने चाहिए।

सुनील गावस्कर का मानना है कि जब इन आंकड़ों की जानकारी सिर्फ दोनों फ्रेंचाइजी, खिलाड़ी और बीसीसीआई तक सीमित रहती है तो बाकी टीमों के लिए यह जानना मुश्किल होता है कि सैलरी कैप के नियमों का सही तरीके से पालन हुआ है या नहीं।

आईपीएल (IPL) 2026 के बाद ट्रेड विंडो के तहत खिलाड़ियों के केवल दो ही ट्रांसफर हुए हैं। इसमें लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच ऋषभ पंत और कुलदीप यादव का ट्रेड हुआ है। सुनील गावस्कर ने आईपीएल पदाधिकारियों से अपील की है कि वे लीग में दो टीमों के बीच खिलाड़ियों के ट्रेड में पूरी पारदर्शिता रखें।

सुनील गावस्कर ने ‘मिड-डे’ के लिए अपने कॉलम में लिखा, ‘‘मीडिया में इस बात की चर्चा हो रही है कि खिलाड़ी एक फ़्रेंचाइजी से दूसरी फ्रेंचाइजी में जा सकते हैं। बेशक, उस विंडो के बंद होने में अभी कुछ समय है। हालांकि, जब कोई खिलाड़ी एक फ्रेंचाइी से दूसरी फ्रेंचाइजी में जाता है तो यह बात सार्वजनिक होती है, लेकिन जब ट्रेड होता है तो उससे जुड़ी रकम की जानकारी सिर्फ दोनों फ्रेंचाइजी, खिलाड़ी और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को ही होती है।’’

सुनील गावस्कर ने लिखा, ‘‘ऐसे में दूसरी फ्रेंचाइजी को यह पता नहीं चल पाता कि हर फ्रेंचाइजी के स्क्वाड के लिए तय सैलरी कैप का पालन किया गया या उसका उल्लंघन हुआ, इसलिए पूरी पारदर्शिता के लिए यह जरूरी है कि ये आंकड़े भी सार्वजनिक किए जाए। आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग है और इसलिए पूरी पारदर्शिता बनाए रखना बहुत जरूरी है, ताकि इससे जलने वाले लोग इस पर अंगुली न उठा पाएं।’’

भारतीय टीम शुभमन गिल की कप्तानी में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रही है। घुटने की चोट के कारण तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टीम में नहीं हैं, वहीं कुल 13 खिलाड़ी बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैब से गुजर रहे हैं। जसप्रीत बुमराह और बल्लेबाज साई सुदर्शन को शुरू में श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए चुना गया था, लेकिन फिटनेस क्लीयरेंस न मिलने और समय पर ठीक न हो पाने के कारण उन्हें सीरीज से बाहर कर दिया गया।

सुनील गावस्कर ने भारतीय खिलाड़ियों को बार-बार होने वाली चोटों पर भी अपनी राय रखी। सुनील गावस्कर ने कहा, ‘‘जसप्रीत बुमराह को घुटने की चोट है, लेकिन देखा गया है कि ज्यादातर भारतीय खिलाड़ियों को हैमस्ट्रिंग की चोट लगती है। साफ है कि उनकी ट्रेनिंग में कुछ गड़बड़ है, इसलिए उन्हें बार-बार हैमस्ट्रिंग की चोट लगती है। ये चोटें तब लगती हैं जब वह भारत के लिए खेल रहे होते हैं, लेकिन दुर्भाग्य से इसका दोष बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के फिजियो पर मढ़ दिया जाता है।

सुनील गावस्कर ने गेंदबाजों के अभ्यास और फिटनेस को लेकर भी सवाल उठाए। सुनील गावस्कर ने कहा कि अभ्यास के दौरान गेंदबाजों को कितनी गेंदें फेंकनी चाहिए, इस पर बनाई गई कुछ पाबंदियां समझ से परे हैं। आईपीएल में भी कुछ विदेशी फिजियो गेंदबाजों को नेट्स में 20 से ज्यादा गेंदें नहीं फेंकने देते, जबकि मैच में एक गेंदबाज आसानी से 24 या उससे ज्यादा गेंदें फेंक सकता है। ऐसे में मैच से कम गेंदें अभ्यास में फेंकने से वह मैच के लिए कैसे पूरी तरह तैयार होगा?

सुनील गावस्कर ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों को बार-बार होने वाली चोटों के कारणों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। सुनील गावस्कर के मुताबिक, जिम में फिट रहने से ज्यादा जरूरी है कि खिलाड़ी मैच खेलने के लिए पूरी तरह फिट हो। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि हो सकता है कि वह उस पीढ़ी से आते हैं, जब खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर सोच कुछ अलग थी।

IND vs SL: गॉल टेस्ट में भारत को मिली 178 रन की बढ़त, श्रीलंका 284 पर सिमटी; सुतार ने 4 और जडेजा ने 3 विकेट झटके

भारतीय टीम ने गॉल टेस्ट में श्रीलंका के खिलाफ पहली पारी के आधार पर 178 रन की बढ़त बना ली है। श्रीलंकाई टीम पहली पारी में 284 रन पर सिमटी। मानव सुतार ने 4 और रविंद्र जडेजा ने 3 विकेट अपने नाम किए। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)