इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के लिए टूर्नामेंट की 8 फ्रैंचाइजीस ने 27 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। इसमें 8 विदेशी और 4 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी हैं। खास यह है कि रिटेंशन में कुछ दिग्गज क्रिकेटर्स की सैलरी कम हो गई है, जबकि कुछ खिलाड़ियों को 1100% से 3900% तक का फायदा हुआ है। लाभ पाने वाले खिलाड़ियों में एमएस धोनी के ओपनर और शाहरुख खान के ऑलराउंडर भी शामिल हैं।
शुरुआत बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा के सह मालिकाना हक वाली पंजाब किंग्स से करते हैं। पंजाब किंग्स ने दो खिलाड़ियों मयंक अग्रवाल और अर्शदीप सिंह को रिटेन किया। किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) ने मयंक अग्रवाल को साल 2018 के लिए हुई नीलामी में एक करोड़ रुपए में खरीदा था। मयंक इसी सैलरी पर आईपीएल 2021 तक पंजाब किंग्स के लिए खेले। हालांकि, अब फ्रैंचाइजी ने उनकी सैलरी 12 करोड़ रुपए हो गई।
मतलब उनकी सैलरी में 1100 फीसदी का इजाफा हुआ। अर्शदीप सिंह को फ्रैंचाइजी ने अर्शदीप को 2019 के लिए हुई नीलामी में सिर्फ 20 लाख रुपए में खरीदा था। अर्शदीप 2021 सीजन तक इसी सैलरी पर टीम की ओर से खेले। अब उनकी सैलरी 4 करोड़ रुपए हो गई है। उन्हें 1900 फीसदी का लाभ हुआ है।
सनराइजर्स हैदराबाद ने केन विलियमसन के अलावा दो अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी अब्दुल समद और उमरान मलिक को 4-4 करोड़ में रिटेन किया। समद की पहचान विस्फोटक बल्लेबाज के रूप में है। सनराइजर्स हैदराबाद ने अब्दुल समद को आईपीएल 2020 के लिए हुई नीलामी में में 20 लाख रुपए खरीदा था। आईपीएल 2021 में भी वह इसी सैलरी पर खेले। अब उनकी सैलरी में भी 1900 फीसदी का इजाफा हो गया है। समद का स्ट्राइक रेट 146.05 का रहा है।
सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2021 के लिए उमरान को उनके बेस प्राइस 20 लाख में खरीदा था। उनकी सैलरी में भी 19 गुना बढ़ोत्तरी हुई है। उमरान को कश्मीर एक्सप्रेस के नाम से जाना जाता है। उमरान ने अपनी रफ्तार से सबको चौंकाया था। वह आईपीएल में सबसे तेज गेंद फेंकने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने 152.95 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी।
महेंद्र सिंह धोनी के ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ को चेन्नई सुपरकिंग्स ने 2019 के लिए हुई नीलामी में उनके बेस प्राइस 20 लाख रुपए में खरीदा था। वह आईपीएल 2021 तक इसी सैलरी पर चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेलते रहे। अब फ्रैंचाइजी ने 6 करोड़ रुपए में रिटेन कर लिया है। उनकी सैलरी 2900 फीसदी बढ़ गई है।
शाहरुख खान के सह मालिकाना हक वाली फ्रैंचाइजी कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने वेंकटेश अय्यर को 8 करोड़ रुपए में रिटेन किया है। वेंकटेश ने नवंबर 2021 में ही न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 मैच से इंटरनेशनल डेब्यू किया था। केकेआर ने वेंकटेश को 2021 सीजन के लिए हुई नीलामी में 20 लाख रुपए में रिटेन किया था। इस तरह उन्हें 3900% का फायदा हुआ है।