भारतीय क्रिकेट में कई ऐसे खिलाड़ी हुए, जिन्हें मौके तो ज्यादा नहीं मिले, लेकिन कम समय में ही वह अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहे। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 13 अप्रैल 1994 को जन्में केसी करियप्पा भी ऐसे ही खिलाड़ियों में से एक हैं।

केसी करियप्पा की पहचान एक ‘मिस्ट्री स्पिनर’ के रूप में होती है। केसी करियप्पा ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपने डेब्यू मैच में ही मिस्टर 360 डिग्री के नाम से मशहूर एबी डिविलियर्स (AB de Villiers) को आउट कर सुर्खियां बटोरी थीं।

बिना ग्रिप बदले कर सकते हैं ऑफ स्पिन बॉलिंग

पांच फीट 11 इंच लंबे केसी करियप्पा राउंड-आर्म एक्शन के साथ गेंदबाजी करते हैं। प्रमुख रूप से उनका हथियार लेग ब्रेक है, लेकिन उनके तरकश में गुगली और कैरम बॉल जैसे ‘तीर’ भी हैं। उनकी एक और खासियत यह है कि वह बिना ग्रिप बदले ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं।

बिना प्रथम श्रेणी मैच खेले रातों-रात 2.4 करोड़ रुपये का आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट हासिल करना किसी ख्वाब जैसा लगता है, लेकिन केसी करियप्पा के लिए यह वास्तविकता थी। साल 2015 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के तत्कालीन कप्तान गौतम गंभीर नेट्स में उनकी गेंदें पढ़ने में नाकाम रहे थे।

इसके बाद शाहरुख खान और जूही चावला के सह मालिकाना हक वाली आईपीएल की इस फ्रेंचाइजी ने इस अनजान चेहरे पर बड़ा दांव लगा दिया। केसी करियप्पा ने इस साल की शुरुआत में क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उनका सफर भारतीय क्रिकेट की सबसे दिलचस्प कहानियों में से एक है।

देर से 17 साल में की शुरुआत

केसी करियप्पा ने क्रिकेट काफी देर (17 साल की उम्र में) से शुरू किया था। शुरुआत में वह तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर थे। बाद में उन्होंने स्पिन बॉलिंग को अपनाया। साल 2014 में कर्नाटक प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स के ट्रायल का मौका मिला।

ट्रायल में गौतम गंभीर भी उनकी गेंदों को समझ नहीं पाए। गंभीर उस समय केकेआर के कप्तान थे। वह केसी करियप्पा से काफी प्रभावित हुए। इसके बाद 2015 आईपीएल नीलामी में केकेआर ने उन्हें 2.4 करोड़ रुपये में खरीदा, जबकि उन्होंने शीर्ष स्तर पर लगभग न के बराबर क्रिकेट खेला था।

तब केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने कहा था, ‘‘जैक्स कैलिस सहित हमारे कुछ शीर्ष खिलाड़ियों ने उन्हें नेट्स में देखा और पाया कि वह बहुत ही असामान्य और बेहद प्रतिभाशाली हैं, इसलिए हमने उन्हें एक मौका देने का फैसला किया।’’

फर्स्ट क्लास से पहले आईपीएल डेब्यू

केसी करियप्पा ने 11 अप्रैल 2015 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अपना सीनियर क्रिकेट और आईपीएल डेब्यू किया। केसी ने अपने पहले ही मैच में क्रिकेट जगत के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक एबी डिविलियर्स को आउट कर तहलका मचा दिया।

शानदार शुरुआत के बावजूद उन्हें अगले ही मैच में ड्रॉप कर दिया गया। यही नहीं, केकेआर ने अगले सीजन से पहले उन्हें टीम से रिलीज भी कर दिया गया। साल 2016 में उन्हें किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) ने 80 लाख रुपये में खरीदा।

साल 2019 में जब शिवम मावी चोटिल हुए तो रिप्लेसमेंट के तौर पर फिर से केकेआर का हिस्सा बने। साल 2021 और 2022 की नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने उन पर भरोसा जताया। हालांकि, केसी करियप्पा का क्रिकेट सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा और उन्हें लगातार मौके नहीं मिले।

2021 में लिस्ट ए में डेब्यू

लंबे समय तक आईपीएल का हिस्सा रहने के बाद केसी करियप्पा ने अंततः 8 दिसंबर 2021 को विजय हजारे ट्रॉफी में खेलकर कर्नाटक के लिए अपना लिस्ट ए डेब्यू किया। अपनी ‘मिस्ट्री गेंदों’ से बल्लेबाजों और दर्शकों दोनों को चौंकाने वाले इस गेंदबाज ने जनवरी 2026 में भारतीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया, लेकिन आईपीएल नीलामी और डेब्यू मैच की उनकी वह कहानी हमेशा क्रिकेट फैंस के जेहन में ताजा रहेगी।

सेना के हवलदार का कमाल: अंतिम 20 मीटर में 2 बार गिरे, फिर उठे… और रच दिया इतिहास

आखिरी 20 मीटर में दो बार गिरने के बावजूद सावन बरवाल नहीं रुके। फौजी जज्बे के दम पर उन्होंने 47 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा और एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई कर इतिहास रच दिया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।