scorecardresearch

IPL: पिछले 13 साल में एक भी भारतीय नहीं बन पाया सिक्सर किंग, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और क्रिस गेल ही जीत पाए हैं ये खास अवॉर्ड

क्रिस गेल 4 बार आईपीएल के किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। हालांकि, 2011 और 2015 में वह अपने छक्कों की संख्या 50 के पार नहीं पहुंचा पाए थे। गेल ने आईपीएल 2012 में 59 और 2013 में 51 छक्के लगाए थे।

IPL 2021 Chris Gayle Sachin Tendulkar Virat Kohli IPL Records IPL
आईपीएल में किसी एक सीजन ऑरेंज कैप और मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का अवॉर्ड सचिन, गेल और कोहली ही जीत पाए हैं। (सोर्स- आईपीएल)

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अब तक 13 सीजन हो चुके हैं, लेकिन कोई भी भारतीय खिलाड़ी आज तक सिक्सर किंग (किसी एक सीजन में 50 से ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड) नहीं बन पाया है। दूसरी ओर सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और क्रिस गेल के नाम ऐसा रिकॉर्ड जिसकी बराबरी दूसरा कोई दिग्गज अब तक नहीं कर पाया है।

क्रिस गेल को आईपीएल का सिक्सर किंग भी माना जाता है। गेल ने आईपीएल में अब तक 140 मैच खेले हैं। इनमें उन्होंने 40.24 के औसत से 4950 रन बनाए हैं। इसमें उनके 6 शतक भी शामिल हैं। उन्होंने आईपीएल में अब तक 357 छक्के लगाए हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स हैं। डिविलियर्स ने 176 मैच में 245 छक्के लगाए हैं।

आईपीएल के किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने की बात करें तो इस मामले में भी क्रिस गेल टॉप पर हैं। गेल अब तक 4 बार यह उपलब्धि अपने नाम कर चुके हैं। गेल ने आईपीएल 2012 में 15 मैच में 59 छक्के लगाए थे। इसके अलावा गेल ने 2011, 2013 और 2015 में भी यह उपलब्धि अपने नाम की थी।

हालांकि, आईपीएल 2011 और 2015 में वह अपने छक्कों की संख्या 50 के पार नहीं पहुंचा पाए थे। क्रिस गेल ने आईपीएल 2013 में 51, साल 2011 में 44 और साल 2015 में 38 छक्के लगाए थे। क्रिस गेल के अलावा आंद्रे रसेल भी एक सीजन 50 से ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। उन्होंने आईपीएल 2019 में 52 छक्के लगाए थे।

गेल ने आईपीएल 2011 और 2012 में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था। उन्होंने आईपीएल 2012 में 61.08 के औसत से 733 रन बनाए थे। इसमें उनका एक शतक भी था। गेल ने आईपीएल 2011 में 67.55 के औसत से 608 रन बनाए थे। उसमें उनके दो शतक शामिल थे।

क्रिस गेल ने आईपीएल 2015 में 14 मैच में 40.91 के औसत से 333 रन बनाए थे। इसमें उनका एक शतक भी शामिल था। उस सीजन वह सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में छठे नंबर पर रहे थे।

आईपीएल के एक ही सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने और मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का खिताब जीतने की बात करें तो इस सूची में सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और क्रिस गेल ही शामिल हैं।

सचिन तेंदुलकर ने आईपीएल 2010 में ऑरेंज कैप और मोस्ट वैल्यूएबल अवॉर्ड की ट्रॉफी अपने नाम की थी। क्रिस गेल ने अगले ही सीजन ऐसा कारनामा कर दिखाया। इसके बाद आईपीएल 2016 में विराट कोहली ने ऐसी ही उपलब्धि अपने नाम की।

पढें खेल (Khel News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 14-09-2021 at 14:07 IST
अपडेट