इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के चेयरमैन अरुण सिंह धूमल ने कहा कि बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से रिलीज करना ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ था। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसा आगे नहीं होगा। इस फैसले के बाद बांग्लादेश ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने से मना कर दिया। उसकी जगह स्कॉटलैंड ने लिया।
मुस्तफिज़ुर को कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिसंबर में आईपीएल के 2026 सीजन से पहले निलामी में 9.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनको रिलीज किए जाने से पहले टीम और उसके सह-मालिक शाहरुख खान के इस पेसर को खरीदने के लिए बहुत ज्यादा विरोध हुआ था।
मुस्तफिजुर का बाहर होना दुर्भाग्यपूर्ण
धूमल ने फाइनेंसियल टाइम्स से कहा, ‘मैं बस इतना ही कहूंगा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण था। इसके अलावा मुझे ज्यादा जानकारी नहीं है।’ मुस्तफिजुर के प्रकरण से पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी 2009 से आईपीएल में नहीं खेले हैं। ऐसे में धूमल से पूछा गया कि आईपीएल कैसे चलता है? इसमें राजनीतिक दखल कितना होता है? धूमल ने कहा कि भारत सरकार देश में क्रिकेट कैसे चलाया जाता है इसमें ज्यादा दखल देने में दिलचस्पी नहीं रखती है।
सरकार को क्रिकेट चलाने में कोई दिलचस्पी नहीं
धूमल ने कहा, ‘मैं कहूंगा कि जिस तरह से कभी-कभी घटनाएं होती हैं, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। मुझे नहीं लगता कि सरकार को क्रिकेट चलाने में कोई दिलचस्पी या कोई भूमिका है। सरकार बड़े पैमाने पर क्रिकेट का समर्थन करती है। हां, कभी-कभी हमारे आसपास घटनाएं होती हैं और फैसले लिए जाते हैं। मुझे यकीन है कि सीख ली जाएगी और आगे ऐसा नहीं होगा।’
मुस्तफिजुर को बीसीसीआई निर्देश पर किया गया था रिलीज
केकेआर ने जनवरी में अपने बयान में कहा था कि मुस्तफिजुर को बीसीसीआई से मिले निर्देशों के अनुसार रिलीज किया गया था। केकेआर ने कहा था, ‘कोलकाता नाइट राइडर्स पुष्टि करता है कि आईपीएल के संचालक बीसीसीआई/आईपीएल ने उन्हें आने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन से पहले मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है।’
यह भी पढ़ें: श्रेयस अय्यर की चोट पर पंजाब किंग्स ने दिया अपडेट, फ्रैक्चर नहीं, लेकिन हाथ में सूजन
