आकाश ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘पंजाब के पास बहुत पैसे हैं। टीम ने कई खिलाड़ियों को जाने दिया है, लेकिन मुख्य प्लेयर्स अभी भी हैं। इससे यह साबित होता है कि टीम मैनेजमेंट अच्छे से काम कर रही है। पिछले साल बहुत पास थे, लेकिन दूर रह गए। इनके पास सिर्फ 9 स्लॉट हैं। जब आरसीबी ने खिलाड़ियों को रिलीज किया था तो उनके पास 13 स्लॉट थे। उन्होंने दो खिलाड़ियों को ट्रेड के जरिए हासिल किया। अब उनके पास 11 स्लॉट हैं। पंजाब ने ग्लेन मैक्सवेल, शेल्डन कॉटरेल, करुण नायर और कृष्णप्पा गौतम को जाने दिया। एक मैं हैरान हूं कि अनिल कुंबले साहब ने मुजीब उर रहमान को रिलीज कर दिया।’’
आकाश ने कहा, ‘‘मुजीब 4 करोड़ के ही थे। वे अब नीलामी में ज्यादा पैसों में बिकेंगे। यह मुजीब के लिए अच्छा है, लेकिन पंजाब के लिए नहीं। गौतम के रूप में एक ऑफ स्पिनर था उसे भी जाने दिया। हार्डुल विल्जोएन, जे सुचित और जेम्स नीशम को छोड़ दिया। पंजाब को बल्लेबाज चाहिए। भारतीय बल्लेबाज इनको चाहिए नहीं। डेविड मलान की तरफ ये जा सकते हैं। हर किसी को मलान चाहिए। ग्लेन मैक्सवेल अगर सस्ते में मिलते हैं तो खरीद सकते हैं। मोईन अली की तरफ भी जा सकते हैं। वे ऑफ ब्रेक के साथ ऊपर में बल्लेबाजी भी करते हैं। उनके बारे में सोच सकते हैं।’’
आकाश ने आगे कहा, ‘‘पंजाब की टीम शाकिब अल हसन के बारे में सोच सकती है। यह काफी रोमांचक होगा। जब वो नीलामी में आएंगे तो उनके नाम की चर्चा हो सकती है। 4 ओवर की बॉलिंग करते हैं और मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हैं। शाकिब एक कंप्लीट पैकेज हैं। पंजाब की टीम स्टीव स्मिथ के बारे में भी सोच सकती है। दक्षिण अफ्रीका के रसी वान डर डुसेन मध्यक्रम में बेहतर साबित हो सकते हैं। कैमरन ग्रीन और मोइसेस हेनरिक्स पर दांव खेल सकते हैं। गेंदबाजों में मिशेल स्टार्क, जेम्स पैटिंसन, मिशेल मैक्लेनाघन और नाथन कूल्टर नाइल के बारे में सोच सकते हैं। अगर पंजाब की टीम अच्छे से ऑक्शन में हिस्सा लेती है तो आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर सकती है।’’