IPL Auction: 40 साल के हरभजन सिंह सबसे महंगे बुजुर्ग खिलाड़ी, 2 करोड़ बेस प्राइज वाले 11 में से दस 30 साल से ज्यादा
इस बार नीलामी के लिए 1097 खिलाड़ियों को चुना गया है। इसमें 814 भारतीय और 283 विदेशी खिलाड़ी हैं। सबसे ज्यादा बेस प्राइस (दो करोड़ रुपए) वाली लिस्ट में 11 खिलाड़ी हैं। इनमें सिर्फ 2 भारतीय हैं और 9 विदेशी।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 की नीलामी (Auction) के लिए मंच तैयार है। इस बार नीलामी के लिए 1097 खिलाड़ियों को चुना गया है। इसमें 814 भारतीय और 283 विदेशी खिलाड़ी हैं। सबसे ज्यादा बेस प्राइस (दो करोड़ रुपए) वाली लिस्ट में 11 खिलाड़ी हैं। इनमें सिर्फ 2 भारतीय हैं और 9 विदेशी। खास यह है कि इन सूची में सभी खिलाड़ी 30 (राउंड फिगर में) या उससे ज्यादा साल के हैं।
40 साल के हरभजन सिंह 2 करोड़ बेस प्राइस वाले सबसे बुजुर्ग खिलाड़ी हैं। इस लिस्ट में सबसे कम उम्र के इंग्लैंड के सैम बिलिंग्स (Sam Billings) हैं। हालांकि, वह भी 15 जून 2021 को 30 साल के हो जाएंगे। दो करोड़ के बेस प्राइस में हरभजन के अलावा केदार जाधव, बांग्लादेश के पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ, उनके हमवतन ग्लेन मैक्सवेल, इंग्लैंड के मोइन अली, लियाम प्लंकेट, जेसन रॉय, मार्क वुड और दक्षिण अफ्रीका के कॉलिन इनग्राम हैं।
26 मार्च 1985 को पुणे में जन्में केदार जाधव ने अब तक 73 वनडे और 9 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। 24 मार्च 1987 को बांग्लादेश के मागुरा जिले में जन्में शाकिब अल हसन पर अक्टूबर 2019 में दो साल का बैन लगा था। इसमें एक साल का निलंबित प्रतिबंध शामिल था। दो जून 1989 को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में जन्में स्टीव स्मिथ भी बॉल टैम्परिंग मामले में एक साल के लिए प्रतिबंधित हो चुके हैं।
ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल का जन्म 14 अक्टूबर 1988 को ऑस्ट्रेलिया के कीव में हुआ था। कॉलिन इनग्राम 3 जुलाई 1985 को दक्षिण अफ्रीका के पोर्ट एलिजाबेथ और जेसन रॉय 21 जुलाई 1990 को दक्षिण अफ्रीका के डरबन में जन्में थे। हालांकि, जेसन रॉय इंग्लैंड की ओर से खेलते हैं। मार्क वुड 11 जनवरी 1990, लियाम प्लंकेट 6 अप्रैल 1985, मोइन अली 18 जून 1987 को इंग्लैंड में पैदा हुए थे।

इस बार नीलामी में कुल तीन खिलाड़ी 40 साल से ज्यादा की उम्र के हैं। इनमें हरभजन सिंह के अलावा पुडुचेरी के 41 साल के एस शांतामूर्ति और 42 साल के नयन दोशी शामिल हैं। नयन दोशी अपने पिता दिलीप दोसी की तरह ही बाएं हाथ के स्पिनर हैं, जबकि शांतामूर्ति दाएं हाथ के मध्यम गति के तेज गेंदबाज।
अफगानिस्तान के नूर अहमद लकनवाल सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। तीन जनवरी 2005 को जन्में नूर बाएं हाथ के स्पिनर हैं। उनका बेस प्राइस 20 लाख रुपए है। वह बिग बैश लीग 2020-21 में भी मेलबर्न रेनीगेड्स का हिस्सा हैं।
हरभजन सिंह ने 2 साल से नहीं खेला है एक भी प्रतिस्पर्धी मैच: सबसे ज्यादा बेस प्राइस वाली सूची में हरभजन का नाम इसलिए भी चौंकाने वाला है, क्योंकि उन्होंने करीब दो साल से एक भी प्रतिस्पर्धी मैच में हिस्सा नहीं लिया है। उन्होंने अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मुकाबला 12 मई 2019 को हैदराबाद में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेला था। उस मैच में वह महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स का हिस्सा थे।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ उस मैच में उन्होंने 4 ओवर में 27 रन दिए थे, लेकिन एक भी विकेट नहीं ले पाए थे। उनका आखिरी शिकार दिल्ली कैपिटल्स के शेरफेन रदरफोर्ड थे। हरभजन ने 10 मई 2019 को विशाखापत्तनम के मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स के रदरफोर्ड को शेन वाटसन के हाथों कैच कराया था। पिछले साल निजी कारणों का हवाला देते हुए वह आईपीएल 2020 से खुद ही हट गए थे।