इंडियन प्रीमियर लीग 2027 (IPL 2027) में मुंबई इंडियंस की कमान रोहित शर्मा संभाल सकते हैं। द इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार यह फैसला कोई हैरानी की बात नहीं है। खासकर तब जब पांच बार की चैंपियन टीम ने पिछले एक हफ्ते में अपने सपोर्ट स्टाफ में पूरी तरह से बदलाव किया है।

पता चला है कि पिछले आईपीएल के बीच में जब मुंबई इंडियंस संघर्ष कर रही थी तब टीम प्रबंधन चाहता था कि हार्दिक पंड्या की जगह रोहित कप्तानी संभाल लें। द इंडियन एक्सप्रेस ने पहले भी बताया था कि टीम प्रबंधन ने हार्दिक पंड्या को कप्तान के पद से हटाने का मन बना लिया था, लेकिन सवाल यह था कि अब कप्तानी किसे सौंपी जाए।

सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह थे विकल्प

पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 14 में से 10 मैच गंवाए। वह 9वें स्थान पर रही। खिताब जीते हुए छह साल हो गए हैं। चूंकि सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी काफी समय से टीम का हिस्सा रहे हैं, इसलिए किसी नए चेहरे को कमान सौंपने का विकल्प मौजूद था। अगर फ्रेंचाइजी भविष्य के लिए टीम तैयार करना चाहती तो तिलक वर्मा भी एक विकल्प हो सकते थे, जिन्हें एक मजबूत लीडर के रूप में देखा जाता है।

रोहित ने सुझाया था तिलक का नाम

इसके बजाय फ्रेंचाइजी ने रोहित का रुख किया है, जिनकी कप्तानी में टीम ने पांच आईपीएल खिताब जीते हैं, जो महेंद्र सिंह धोनी के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा हैं। ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ को एक सूत्र ने बताया, ‘शुरुआत में रोहित ने तिलक वर्मा का नाम सुझाया था, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उनसे कप्तानी संभालने का अनुरोध किया, जिसके लिए वे अब मान गए हैं। उनके न्यूजीलैंड रवाना होने से पहले कई दौर की बातचीत हुई थी और नए कोचों की नियुक्ति के समय भी रोहित से सुझाव मांगे गए थे।’

रोहित की कप्तानी में खेलने के लिए पंड्य तैयार

रोहित के कप्तान बनने के साथ ही फ्रेंचाइजी में पंड्या के भविष्य पर सबकी नजरें टिकी हैं। पिछले सीजन से ही, इस ऑलराउंडर के किसी ट्रेड डील के जरिए दूसरी फ्रेंचाइजी में जाने की चर्चा चल रही है। अगर पंड्या का ट्रेड नहीं हो पाता है, तो पता चला है कि वह रोहित की कप्तानी में खेलने के लिए तैयार हो गए हैं। 2025 सीजन से पहले गुजरात टाइटंस से कैश ट्रेड के जरिए पंड्या को अपनी टीम में शामिल करने और उन्हें कप्तान बनाने के फैसले के बाद फ्रेंचाइजी को काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी। वानखेड़े में अपने घरेलू मैचों के दौरान दर्शकों ने कई बार पंड्या को हूट किया।

मुंबई इंडियंस की कोचिंग स्टाफ का ऐलान

मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को कोचिंग सेटअफ का ऐलान कर दिया। रॉबिन उथप्पा को बल्लेबाजी कोच, मिचेल मैक्लेनघन को बॉलिंग कोच, टी. दिलीप को फील्डिंग कोच और धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट बॉलिंग कोच नियुक्त किया। पूरी खबर पढ़ें।