इंडियन प्रीमियर लीग 2027 (IPL 2027) के ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ी ट्रेड डील होने की संभावना है। हार्दिक पंड्या को मुंबई इंडियंस से पंजाब किंग्स ट्रेड करने के काफी करीब है। रिकी पोंटिंग की कोचिंग वाली फ्रेंचाइजी की मुंबई इंडियंस के साथ बातचीत काफी आगे बढ़ गई है। इसके तहत भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और विकेटकीपर बल्लेबाज विष्णु विनोद के मुंबई इंडियंस में जाने की संभावना है।
स्पोर्टस्टार के अनुसार दोनों फ्रेंचाइजी का सीनियर मैनेजमेंट प्रस्तावित ट्रेड पर लगभग सहमत हो गया है और अब आईपीएल पदाधिकारियों के साथ कागजी कार्यवाही पूरा करेंगे। 17 नवंबर की रिटेंशन डेडलाइन से पहले इस हफ्ते के आखिर तक इस ट्रेड डील की आधिकारिक घोषणा होने की संभावना है। पंजाब किंग्स मैच जिताऊ ऑलराउंडर के लिए अपने अहम तेज गेंदबाज को भी छोड़ने को तैयार हैं।
अर्शदीप और विष्णु जा सकते हैं मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने हार्दिक-अर्शदीप ट्रेड डील की शुरुआती पहल की। पंजाब किंग्स के हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करने की संभावना पर विचार करने के लिए सहमत होने के बाद बातचीत इस बात पर केंद्रित हुई कि बदले में अर्शदीप और विष्णु को दिया जा सकता है।
कोलकाता नाइट राइडर्स डील के करीब थी
इस बीच, मुंबई इंडियंस ने कम से कम तीन अन्य फ्रेंचाइजी के साथ हार्दिक को ट्रेड करने की कोशिश की थी। पंजाब के अलावा, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ही एकमात्र ऐसी टीम थी, जिसके साथ मुंबई इंडियंस की बातचीत काफी आगे बढ़ गई थी। इसमें मल्टी प्लेयर डील पर विचार किया जा रहा था। चूंकि हार्दिक के पंजाब किंग्स में जाने की संभावना है, इसलिए यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या मुंबई इंडियंस के किसी अन्य बड़े खिलाड़ी को केकेआर अपनी टीम में शामिल करने की कोशिश करेगी।
मोहसीन-स्टोइनिस ट्रेड
अर्शदीप के टीम से जाने की संभावना के चलते पंजाब किंग्स एक और डील कर सकती है। फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स से संपर्क करके बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान और ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस की स्वैप डील का प्रस्ताव रख सकती है। हार्दिक के आने से स्टोइनिस की भूमिका कम होने की उम्मीद है, जबकि पंजाब की टीम मैनेजमेंट मोहसिन को काफी अहम खिलाड़ी मानती है।
पंजाब किंग्स ने अर्शदीप के लिए इस्तेमाल किया आरटीएम
2025 के मेगा ऑक्शन से पहले पंजाब किंग्स ने अर्शदीप सिंह को रिलीज कर दिया था, लेकिन बाद में ‘राइट टू मैच’ कार्ड का इस्तेमाल करके उन्हें वापस टीम में शामिल कर लिया। सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी बोली 15.75 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 18 करोड़ रुपये कर दी थी, जिसके बाद पंजाब किंग्स ने भी उसी कीमत की बराबरी करके इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को अपनी टीम में बनाए रखा।
आईपीएल 2024 से पहले मुंबई इंडियंस लौटे हार्दिक
वहीं, हार्दिक आईपीएल 2024 से पहले गुजरात टाइटंस से पूरी तरह नकद डील के जरिए मुंबई इंडियंस में लौट आए थे। इससे पहले वे दो सीजन तक गुजरात टाइटंस के साथ रहे थे, जहां उनकी कप्तानी में टीम ने 2022 में खिताब भी जीता था। हालांकि, इसके बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान के तौर पर उनके तीन सीजन कुछ खास नहीं रहे और टीम दो बार पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे के स्थानों पर रही।
मुंबई इंडियंस का कप्तान रोहित शर्मा का बनना तय
इंडियन प्रीमियर लीग 2027 में मुंबई इंडियंस की कमान रोहित शर्मा संभाल सकते हैं। यह फैसला कोई हैरानी की बात नहीं है। खासकर तब जब पांच बार की चैंपियन टीम ने पिछले एक हफ्ते में अपने सपोर्ट स्टाफ में पूरी तरह से बदलाव किया है। पूरी खबर पढ़ें।
