मुंबई इंडियंस की फ्रेंचाइजी ने अपनी टीम में कई बड़े बदलाव किए हैं। आईपीएल 2027 में टीम को अब तीन दिग्गजों की सेवाएं नहीं मिलेंगी। लसिथ मलिंगा समेत सपोर्ट स्टाफ के तीन सदस्यों की फ्रेंचाइजी से विदाई हो गई है। इसकी जानकारी फ्रेंचाइजी ने खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल पर विज्ञप्ति जारी करते हुए दी है। मलिंगा के अलावा पारस म्हाब्रे और कार्ल हॉपकिंसन को उनकी पोजिशन से हटा दिया गया है।
फ्रेंचाइजी ने इन तीनों का योगदान सराहा और सभी का उनकी सेवाओं के लिए धन्यवाद अदा किया। लसिथ मलिंगा लगातार पिछले कई सालों से मुंबई इंडियंस परिवार का अहम हिस्सा रहे हैं। उन्होंने टीम को पहले चार आईपीएल टाइटल जिताने और उसके बाद 2011 चैंपियंस लीग का खिताब दिलाने में मदद की। फिर वह बतौर मेंटोर और कोच टीम का हिस्सा रहे। मुंबई इंडियंस ने कहा,’मलिंगा का सफर एमआई के साथ स्पेशल था। उनका समर्पण और प्रतिद्वंद्विता हमेशा युवाओं के लिए प्रेरणादायक रहा।”
पारस म्हाब्रे और कार्ल हॉपकिंसन के लिए भी खास संदेश
पारस म्हाब्रे पहले 2010 से 2017 तक मुंबई इंडियंस के साथ रहे। फिर 2024 में उनकी वापसी हुई। अपने दोनों कार्यकाल में उन्होंने टीम के बॉलिंग टैलेंट को निखारने में अहम योगदान दिया। उनके कार्यकाल को लेकर फ्रेंचाइजी ने कहा,”उनका टीम के प्रति समर्पण, टीम के गेंदबाजी टैलेंट को निखारने की क्षमता और पिछले कई सालों से उनका सभी के साथ व्यवहार और रिश्ते, तारीफ के पात्र हैं।”
लसिथ मलिंगा और पारस म्हाब्रे के अलावा आईपीएल 2025 से पहले टीम में बतौर फील्डिंग कोच शामिल हुए कार्ल हॉपकिंसन की भी टीम से विदाई हुई है। फ्रेंचाइजी ने अपनी रिलीज में लिखा,”उनका प्रोफेशनलिज्म, अनुभव और समर्पण टीम के फील्डिंग स्टैंडर्ड को सुधारने में हमेशा उपयोगी रहा।” फ्रेंचाइजी ने अंत में तीनों का संयुक्त रूप से धन्यवाद अदा किया और उनके कार्यकाल की सराहना की।
WPL 2027 All Teams Squads: नीलामी के बाद RCB से मुंबई इंडियंस तक यहां देखें सभी टीमों के पूरे स्क्वाड
WPL 2027 All Teams Squads RCB, MI, DC, UPW, GG: विमेंस प्रीमियर लीग 2027 के लिए अब सभी पांच टीमों के स्क्वाड तैयार हो गए हैं। कोच्चि में आयोजित हुए मिनी ऑक्शन के बाद 25 खिलाड़ियों की किस्मत खुली। यहां सभी पांचों टीमों के पूरे स्क्वाड दिए गए हैं। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
