इंडियन प्रीमियर लीग 2027 के ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार (30 अक्टूबर) को बल्लेबाजी कोच का ऐलान कर दिया। भारत के पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा को यह जिम्मेदारी मिली है। वह टी20 इंटरनेशनल में अर्धशतक लगाने वाले पहले भारतीय हैं। यह उपलब्धि उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 2007 टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज मैच में हासिल की थी। 40 वर्षीय उथप्पा आईपीएल के पहले सत्र में मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे।
मुंबई इंडियंस ने गुरुवार (29 अक्टूबर) को बॉलिंग कोच लसिथ मलिंगा और पारस म्हांम्ब्रे के अलावा फील्डिंग कोच कार्ल हॉपकिंसन से अपने रास्ते अलग कर लिए। फ्रेंचाइजी ने पिछले हफ्ते अपने बैटिंग कोच कीरोन पोलार्ड को हेड कोच के पद पर प्रमोट किया था। उन्होंने लंबे समय से इस भूमिका में रहे महेला जयवर्धने की जगह ली। फ्रेंचाइजी ने इसके अलावा गेंदबाजी और फील्डिंग कोच का भी ऐलान कर दिया।
मैक्लेनघन-कुलकर्णी भी खेले हैं मुंबई के लिए
आईपीएल 2027 के लिए मुंबई इंडियंस ने मिचेल मैक्लेनघन को बॉलिंग कोच, टी. दिलीप को फील्डिंग कोच और धवल कुलकर्णी को डेवलपमेंट बॉलिंग कोच नियुक्त किया। उथप्पा की तरह मिचेल मैक्लेनघन और धवल कुलकर्णी ने भी बतौर खिलाड़ी आईपीएल में मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व किया है।
मैक्लेनघन ने 56 मैचों में 71 विकेट लिए
न्यूजीलैंड के पूर्व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मैक्लेनघन ने मुंबई इंडियंस की तीन खिताबी जीत 2015, 2017 और 2019 में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने इस फ्रेंचाइजी के लिए 56 मैचों में 71 विकेट लिए। 2020 में जब टीम ने अपना खिताब बचाव किया तब भी वे स्क्वॉड का हिस्सा थे। हालांकि, उन्होंने उस सीजन में कोई मैच नहीं खेला। मैक्लेनघन ने 2024 में आईएलटी20 में ‘एमआई एमिरेट्स’ के लिए गेंदबाजी कोच के रूप में भी काम किया, जहां यह फ्रेंचाइजी चैंपियन बनी।
धवल कुलकर्णी ने पहले छह सीजन में मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व किया
कुलकर्णी ने आईपीएल के पहले छह सीजन में मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व किया और 2013 में टीम के पहली बार खिताब जीतने के दौरान टीम का हिस्सा थे। इसके बाद आईपीएल 2020 और 2021 में वे फिर से टीम से जुड़े। आईपीएल में अपने 92 मैचों के सफर के दौरान वे राजस्थान रॉयल्स और अब बंद हो चुकी गुजरात लायंस जैसी टीमों का भी हिस्सा रहे। साथ ही 2014 से 2016 के बीच उन्होंने भारत के लिए 12 वनडे और दो टी20 मैच खेले।
कीरोन पोलार्ड को मिली बड़ी जिम्मेदारी
मुंबई इंडियंस ने महेला जयवर्धने की जगह कीरोन पोलार्ड को मुख्य कोच बनाने का फैसला किया है। आईपीएल में मुंबई इंडियंस प्रतिनिधित्व करने वाले पोलार्ड संन्यास के बाद लीग में फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े रहे थे। वह बल्लेबाजी कोच की भूमिका निभा रहे थे। पूरी खबर पढ़ें।
