हार्दिक पंड्या का मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के साथ दूसरा कार्यकाल उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। वह कप्तानी के लिहाज से टीम से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं करा पाए। अपने प्रदर्शन में भी वह लगातार रन बनाने या विकेट लेने का सिलसिला कायम नहीं रख पाए। आखिरकार, ड्रेसिंग रूम में असंतोष की चर्चाएं होने लगीं और हार्दिक पंड्या को टीम से अलग करने का कठिन फैसला लेने की नौबत आ गई।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन ने उन टीमों के नाम बताए हैं, जिनसे हार्दिक पंड्या जुड़ सकते हैं। रविचंद्रन अश्विन के मुताबिक, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) हार्दिक पंड्या के लिए अच्छा विकल्प हो सकती है, क्योंकि वहां उन्हें कप्तान बनने का मौका भी मिल सकता है।

KKR में काफी संभावनाएं: अश्विन

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘केकेआर में काफी संभावनाएं हैं, क्योंकि हार्दिक पंड्या वहां कप्तान भी बन सकते हैं। केकेआर उनके बदले वरुण चक्रवर्ती को दे सकता है, लेकिन जब तक अभिषेक नायर केकेआर में हैं, मुझे नहीं लगता कि वरुण चक्रवर्ती टीम छोड़ेंगे।’’

अश्विन ने कहा, ‘‘हर्षित राणा और रिंकू सिंह दूसरे विकल्प हो सकते हैं। राजस्थान रॉयल्स (RR) के साथ यशस्वी जायसवाल और सैम करन या बृजेश शर्मा अथवा तुषार देशपांडे का विकल्प हो सकता है। यह यशस्वी जायसवाल के साथ यश राज पुंजा या रवि बिश्नोई भी हो सकता है।’’

MI को विकेटकीपर की सख्त जरूरत

मुंबई इंडियंस के बारे में बात करते हुए पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने जोर देकर कहा कि टीम को एक भारतीय विकेटकीपर और अच्छे गेंदबाजों की जरूरत है। अश्विन ने कहा, ‘‘मुंबई इंडियंस को एक भारतीय विकेटकीपर की सख्त जरूरत है। वे अपनी गेंदबाजी को भी मजबूत करना चाहेंगे।’’

अश्विन ने कहा, ‘‘MI की गेंदबाजी पिछले कुछ वर्षों में बेहद खराब रही है। ओमरजई के साथ पंजाब किंग्स (PBKS) मुंबई इंडियंस के लिए विकल्प हो सकती है। गुजरात टाइटंस (GT) की कोई बात नहीं कर रहा है, लेकिन वह हार्दिक के बदले राशिद खान देकर इस दौड़ में शामिल हो सकती है।’’

अश्विन ने यह भी स्वीकार किया कि ऊपर बताई गई टीमों के अलावा भी दूसरी टीमें हार्दिक पंड्या को अपने साथ जोड़ने की दौड़ में हो सकती हैं। अश्विन ने कहा, ‘‘मैंने सुना है कि हार्दिक पंड्या के लिए छह टीमें मुकाबले में हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि ऐसा है।’’

हार्दिक को लेने में LSG की दिलचस्पी नहीं

अश्विन ने बताया, ‘‘मेरे हिसाब से हार्दिक पंड्या को लेने की दौड़ में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) नहीं है। मुख्य रूप से चेन्नई सुपर किंग्स (CSK), केकेआर, राजस्थान रॉयल्स (RR), गुजरात टाइटंस (GT) और पंजाब किंग्स (PBKS) हैं।’’

अश्विन का यह भी मानना है कि हार्दिक के लिए अगली फ्रेंचाइजी में कप्तानी करना अब जरूरी नहीं है। वह ऐसी फ्रेंचाइजी से जुड़ना चाहेंगे, जो उनके लिए सबसे उपयुक्त हो, क्योंकि वह मुंबई इंडियंस से आगे बढ़ने के इच्छुक हैं।

रविचंद्रन अश्विन ने कहा, ‘‘मुझे यह भी लगता है कि अगली फ्रेंचाइजी में हार्दिक पंड्या के लिए कप्तानी जरूरी नहीं है। वह बस ऐसी फ्रेंचाइजी में जाना चाहेंगे जो उनके लिए आदर्श हो, क्योंकि वह मुंबई इंडियंस से आगे बढ़ने के इच्छुक हैं।’’

IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस में बड़े बदलाव, लसिथ मलिंगा समेत 3 सदस्यों की हो गई फ्रेंचाइजी से विदाई

चेन्नई सुपर किंग्स ने हाल ही में अपने पूरे सपोर्ट स्टाफ को बदल दिया था। अब इसी कड़ी में मुंबई इंडियंस से भी लसिथ मलिंगा समेत तीन सदस्यों की विदाई हो गई है। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)