इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026)में मंगलवार (31 मार्च) को पंजाब किंग्स (PBKS)के खिलाफ गुजरात टाइटंस (GT)ने तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को डेब्यू का मौका दिया। अशोक को आईपीएल 2026 की नीलामी में गुजरात टाइटंस ने 90 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा था। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने भी उन्हें अपने साथ जोड़ने में दिलचस्पी दिखाई थी। राजस्थान के रामपुरा गांव के किसान के बेटे अशोक शर्मा 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद कर सकते हैं। वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे।

अशोक शर्मा की मां चाहती थीं कि उनका बेटा पढ़ाई पर ध्यान दे और सरकारी नौकरी करे, लेकिन उन्होंने अपने बड़े भाई अक्षय के नक्शेकदम पर चलते हुए क्रिकेट को चुना। उनके पिता नाथूलाल नहीं चाहते थे कि बच्चे खेल में अपना करियर बनाएं। वह उनके भविष्य को लेकर चिंतित थे। परिवार ने यह फैसला लिया कि अशोक और अक्षय में से सिर्फ एक ही क्रिकेट को गंभीरता से लेगा। अक्षय ने क्रिकेट छोड़ दी और अशोक ने खेलना जारी रखा।

अशोक का जुनून देख पिता ने एकेडमी में कराया दाखिला

अशोक का जुनून देखकर नाथूलाल ने उन्हें जयपुर में अरावली क्रिकेट एकेडमी में दाखिला दिलाया, जिसे राजस्थान के पूर्व लेग-स्पिनर विवेक यादव चलाते थे। अशोक शर्मा शुरू में अपने गांव से एकेडमी पहुंचने के लिए एक घंटे से ज्यादा का सफर करते थे, लेकिन हाल ही में क्रिकेट पर बेहतर ध्यान देने के लिए वह एकेडमी के हॉस्टल में चले गए।

कोरोना ने लगाया करियर पर ब्रेक

अशोक 2019 में राजस्थान की अंडर-19 टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे, लेकिन अगले साल महामारी ने उनके क्रिकेट के सफर पर ब्रेक लगा दी। विवेक यादव की दुर्भाग्यपूर्ण मौत से ब्रेक लंबा हो गया। वह पेट के कैंसर से मर गए, जो कोरोना के कारण और बढ़ गया।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मचाया तहलका

2025-26 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला। टूर्नामेंट में कुछ ही बॉलर अपनी छाप छोड़ पाए। इनमें से एक राजस्थान के अशोक शर्मा हैं। अशोक लीग फेज में सात मैचों में 19 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने दो बार चार विकेट लिए। अशोक ने टूर्नामेंट में 10 मैच में 22 विकेट लिए। झारखंड के सुशांत मिश्रा ने भी 22 विकेट लिए।

यह भी पढ़ें: गुजरात टाइटंस का शेड्यूल, मैच, स्क्वाड और वेन्यू समेत पूरी जानकारी