इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026)में शुक्रवार (3 अप्रैल) को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मैच से पहले पंजाब किंग्स (PBKS)के कप्तान श्रेयस अय्यर के खेलने पर अपडेट आया है। वह चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में खेलते दिख सकते हैं। पंजाब किंग्स के सहायक कोच ब्रैड हैडिन ने बताया कि श्रेयस का हाथ टूटा नहीं है, लेकिन सूजन है। श्रेयस को गुजरात टाइटंस के खिलाफ बल्लेबाजी के दौरान चोट लगी थी।

हैडिन ने मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘फ्रैक्चर नहीं है, लेकिन थोड़ी सूजन है। हालांकि, श्रेयस के कल (शुक्रवार को) चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलने की उम्मीद है।।’ गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में कूपर कोनोली ने शॉट खेला और गेंद सीधे जाकर अय्यर के दाएं हाथ की कलाई पर लगी। इसके बाद श्रेयस अय्यर काफी दर्द में कराहते दिखे। हालांकि, उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने 11 गेंद पर 18 रन बनाए।

श्रेयस अय्यर ने बनाए थे पिछले साल पंजाब के लिए सबसे ज्यादा रन

पंजाब किंग्स के कप्तान होने के अलावा श्रेयस अय्यर मध्यक्रम में एक अहम बल्लेबाज भी हैं। वह पिछले सीजन (2025) में आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए रन बनाने वालों की लिस्ट में शीर्ष पर थे। उन्होंने 17 मैचों में कुल 604 रन बनाए थे। अगर पंजाब किंग्स एहतियात के तौर पर श्रेयस अय्यर को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ नहीं खिलाती है तो यह देखने वाली बात होगी कि टीम की कप्तानी कौन करेगा। उसके पास मार्कस स्टोइनिस जैसे खिलाड़ी हैं। उनके बाद बिग बैश लीग में कप्तानी का अनुभव है।

पंजाब किंग्स के पास शीर्ष पर आने का मौका

पंजाब किंग्स ने आईपीएल में अब तक चेन्नई सुपर किंग्स का 32 बार सामना किया है और 16 मैच जीते हैं। पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच चेपक स्टेडियम में खेले गए मैच में पंजाब किंग्स ने चार विकेट से जीत हासिल की थी। अगर पंजाब किंग्स शुक्रवार को सुपर किंग्स को हरा देती है तो वह अंक तालिक में नंबर 1 पर आ जाएगी।

यह भी पढ़ें: ‘मैं बस इतना ही कह सकता हूं…’, कलाई पर लगी चोट लगने के बाद भी मुस्कुराकर बोले श्रेयस अय्यर