इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) में श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली पंजाब किंग्स (PBKS) खिताब जीतने से मात्र 6 रन से चूक गई थी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहली बार खिताब अपने नाम किया था। तब पंजाब किंग्स के खिलाड़ी शशांक सिंह का एक बयान काफी वायरल हुआ था। उन्होंने सीजन की शुरुआत से पहले भविष्यवाणी की थी कि पंजाब किंग्स टॉप-2 में रहेगी। आईपीएल 2026 से पहले शशांक ने फिर भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा है कि पंजाब किंग्स 31 मई को चिन्नास्वामी स्टेडियम में फाइनल खेलेगी और ट्रॉफी उठाएगी।

शशांक ने जियोस्टार प्रेस रूम में कहा, ‘मुझे पता है कि 31 मई को हम चिन्नास्वामी में खेलेंगे और कप उठाएंगे। यह सिर्फ एक एहसास नहीं है, मुझे यह पता है यह होगा। यह खुद पर और टीम पर भरोसा है। सब एक ही पेज पर हैं। सबमें आत्मविश्वास है। हम मैच दर मैच आगे बढ़ेंगे क्योंकि आखिरी मकसद ट्रॉफी जीतना है। अगर हम सोचते रहे कि हम पिछले साल फाइनल में पहुंचे थे, तो हम पर बहुत दबाव होगा। इसलिए हमारा अभी का मकसद गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपने पहले मैच, फिर चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने मैच की तैयारी करना है।’

आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन

पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 सीजन में शानदार प्रदर्शन किया। लीग स्टेज में शानदार प्रदर्शन के बाद अंक तालिका में शीर्ष पर रहे। उन्होंने उस मोमेंटम को प्लेऑफ में भी जारी रखा, लेकिन फाइनल में आरसीबी से हार गए। पंजाब चाहेगी कि श्रेयस अय्यर की अगुआई में आईपीएल 2026 में भी अच्छा प्रदर्शन जारी रहे और टीम खिताब अपने नाम करे।

पंजाब का पहला मैच 31 मार्च को

आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च को चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगी। पंजाब किंग्स अपने अभियान की शुरुआत नई चंडीगढ़ में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 31 मार्च को करेगी। आईपीएल 2026 के दूसरे चरण का शेड्यूल बीसीसीआई ने गुरुवार (26 मार्च) को जारी किया। पूरी खबर पढ़ें