इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) के शेड्यूल का इंतजार जारी है। इस बीच खबर है कि लीग की शुरुआत तय तारीख से एक दो-दिन बाद हो सकती है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन 26 मार्च की जगह 28 मार्च से आईपीएल 2026 की शुरुआत हो सकती है। 29 मार्च पर भी विचार किया जा रहा है। आने वाले हफ्ते में इसकी औपचारिक घोषणा हो सकती है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई ने आईपीएल ऑक्शन के दौरान दिसंबर में फ्रेंचाइजियों को जानकारी दी थी कि आईपीएल 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होगी। तब फ्रेंचाइजियों को जानकारी दी गई थी कि आईपीएल का यह सीजन 26 मार्च से 31 मई तक चलेगा। फिलहाल यह जानकारी सामने नहीं आई है कि फाइनल का दिन आगे बढ़ेगा या नहीं।
चुनाव के कारण शेड्यूल ऐलान में देरी
फ्रेंचाइजियों को आधिकारिक रूप से आईपीएल 2026 के शुरुआत की तारीख को आगे बढ़ाने के बारे में जानकारी नहीं गई है। हालांकि, आईपीएल टीमों में सीजन देर से शुरू होने की सुगबुगाहट है। तमिलनाडु, केरल, असम और पश्चिम बंगाल में चुनाव के कारण आईपीएल 2026 के शेड्यूल का ऐलान नहीं हुआ है। चुनाव को ध्यान में रखते हुए शेड्यूल तैयार किया जाएगा।
फ्रेंचाइजियों ने बीसीसीआई पर दबाव बनाना शुरू किया
चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद आईपीएल 2026 का शेड्यूल जारी करने की योजना है। हालांकि, समय निकलने के साथ फ्रेंचाइजियों ने बीसीसीआई पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। ऐसा भी हो सकता है कि आधा शेड्यूल जारी कर दिया जाए। चुनाव की तारीखें सामने आने के बाद पूरा शेड्यूल जारी हो। ऐसा पहले हो चुका है। 2019 में लोकसभा चुनावों के दौरान आधा शेड्यूल जारी हुआ था। फिलहाल अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। यह भी साफ नहीं है कि निर्वाचन आयोग चुनाव की तारीखों का ऐलान कब करेगा। मार्च के पहले हफ्ते में आईपीएल का आधा शेड्यूल जारी होने के संकेत हैं।
