इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) 28 मार्च को सीजन के पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भिड़ेगी। आईपीएल का शेड्यूल जारी करते हुए यह बताया गया सीजन का पहला मैच बेंगलुरु में होगा। हालांकि, यह मैच होने पर अभी भी संशय के बादल हैं। आईपीएल ने यह भी जनाकारी दी है कि बेंगलुरु में मैच कर्नाटक सरकार की बनाई ‘एक्सपर्ट कमिटी’ से मंजूरी मिलने पर ही होंगे।
आईपीएल ने 19वें सीजन का शेड्यूल जारी करते हुए बुधवार (11 मार्च) को कहा, ‘बेंगलुरु में होने वाले मैच कर्नाटक सरकार की बनाई एक्सपर्ट कमिटी से मंजूरी मिलने पर ही होंगे। कमिटी 13 मार्च 2026 को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक बैठक और निरीक्षण करेगी। इसमें मैच के दिन के इंतजामों का पूरा मॉक ड्रिल किया जाएगा ताकि आईपीएल मैचों की मेजबानी के लिए स्टेडियम की तैयारी का अंदाजा लगाया जा सके।’
आरसीबी दो मैच रायपुर में खेलेगी
अगर एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाद मंजूरी मिल जाती है तो आरसीबी आईपीएल 2026 के सीजन में अपने पांच घरेलू मैच यहां खेलेगी। फ्रेंचाइजी रायपुर के शहीद वीर नारायण स्टेडियम में दो और घरेलू मैच भी खेलेगी। फिलहाल 20 मैचों यानी 12 अप्रैल तक का शेड्यूल जारी हुआ है। बाकी का शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा।
चुनाव की तारीखें आने के बाद बाकी शेड्यूल का होगा ऐलान
आईपीएल 2026 के बाकी के मैचों का शेड्यूल पश्चिम बंगाल समेत तीन राज्यों में चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद जारी होगा। बयान में कहा गया, ‘तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए चुनाव की तारीखें घोषित होने के बाद टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल घोषित किया जाएगा।’
पहले चरण में चार डबल हेडर
आईपीएल 2026 के पहले चरण में चार डबल हेडर होंगे। 2026 सीजन का पहला डबल हेडर 4 अप्रैल को होगा, जहां दिल्ली कैपिटल्स दोपहर के मैच में मुंबई इंडियंस से नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भिड़ेगी। गुजरात टाइटंस शाम के मैच में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी।
