क्रिकेट में बहुत कम ही मौकों पर बल्लेबाज को हिट विकेट होते देखा जाता है, लेकिन गुजरात टाइटंस के ओपनर साई सुदर्शन के मामले में कहानी कुछ अलग है। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में वह शुक्रवार (29 मई) को क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हिट विकेट हुए। वह लगातार दूसरे मैच और आईपीएल करियर में तीसरी बार हिट विकेट हुए। क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ साई का बल्ला छूटकर स्टंप पर लग गया था। इत्तेफाक की बात यह है कि दोनों मैच में गेंद चौके के लिए गई थी।
मामला गुजरात टाइटंस की पारी के 13वें ओवर की 5वीं गेंद का है। ब्रिजेश शर्मा ने ऑफ स्टंप के बाहर लो फुलटॉस किया। सुदर्शन ने बैट का फेस खोला और ऑफ-साइड पर स्क्वायर के पीछे स्लाइस किया। बॉल पिछले मैच की तरह ही चौके के लिए गई, लेकिन हाथ से छूटकर बल्ला स्टंप पर लग गया। पिछले मैच में जमीन पर गिरने के बाद बल्ला स्टंप पर लगा था तो क्वालिफायर-2 में बल्ला सीधे स्टंप पर गिरा।
साई सुदर्शन हिट विकेट होते देख गिल घुटने पर बैठ गए
साई सुदर्शन को इस तरह से आउट होते देखकर हर कोई हैरान रह गया। खुद साई को भी भरोसा नहीं था। हैरानी और निराशा में गिल घुटने पर बैठ गए। साई सुदर्शन आईपीएल में सबसे ज्यादा बार हिट विकेट होने वाले बल्लेबाज बन गए। टी20 में वेस्टइंडीज के पूर्व खिलाड़ी आंद्रे रसेल और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शोएब मलिक 3 बार हिट विकेट हुए हैं।
गुजरात टाइटंस का फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मुकाबला
साई सुदर्शन ने आउट होने से पहले कप्तान शुभमन गिल के साथ 77 गेंद पर 167 रनों की साझेदारी की और 215 रनों के लक्ष्य को आसान बना दिया। साई सुदर्शन ने 32 गेंद पर 8 चौके और 1 छक्के की मदद से 58 रन बनाए। गुजरात टाइटंस का फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से 31 मई को मुकाबला होगा।
फिर शतक से चूके वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी ने एलिमिनेटर में तूफानी बल्लेबाजी की थी, लेकिन क्वालिफायर-2 में उन्होंने संयम के साथ बल्लेबाजी की और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने में मदद की। पूरी खबर पढ़ें।
